
मेरठ. नबालिंग को भगाकर एक युवक अपने साथ ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। नाबालिग ने जब शादी का दबाव बनाया तो युवक उसको घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। घटना मंढियाई गांव की है। जहां पर एक नाबालिग को नानू निवासी युवक शादी का झांसा देकर भगाकर ले गया था। नबालिग ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर इंसाफ मांगा, लेकिन यहां से उसे मायूसी ही हाथ लगी। इसके बाद पीड़िता ने सीओ के यहां भी न्याय गुहार लगाई। कहीं सुनवाई न होने से क्षुब्ध नाबालिग के परिवार ने गांव से पलायन की चेतावनी दी है।
दरअसल, नानू निवासी एक युवक ने मंढियाई बंजारा बस्ती निवासी 16 वर्षीय किशोरी को प्रेम प्रसंग में तीन माह पूर्व भगा ले गया था। नाबालिग की मां के अनुसार, वह घर में रखी करीब 50 हजार रुपये नगदी, सोने-चांदी के जेवर भी अपने साथ ले गई थी। आरोप है कि तीन माह तक आरोपी युवक ने उसकी पुत्री के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इस बीच उसकी पुत्री लगातार उस पर शादी का दबाव बनाती रही। आरोप है कि शादी से बचने के लिए युवक ने उसकी पुत्री को बेरहमी से पीटा और घर के बाहर उसे छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता थाने पहुंची तो पुलिस ने उसे वहां से भगा दिया। दो दिन पूर्व पीड़िता पुत्री को साथ लेकर सीओ से भी मिली। सीओ ने थाना पुलिस को कार्रवारई के आदेश दिए हैं, लेकिन न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस की इस कार्रवाई व गांव में खराब हुई इज्जत के चलते महिला ने अपने परिवार सहित गांव से पलायन करने की चेतावनी दी है। उधर, जब इस बारे में एसओ उपेंद्र कुमार मलिक से बात की गई तो उन्होंने मामले की जानकारी से इनकार कर दिया।
Published on:
18 Jul 2020 11:54 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
