यूपी में जब महिला कुश्ती को लेकर यह नजरिया रहा हो तो ऐसे में अलका तोमर का एक के बाद एक मेडल जीतना मायने रखता है। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलका ने लगातार मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। 2006 में चीन में विश्व कुश्ती चैंपियनिशप में अलका ने वह कर दिखाया, जिसे कोई सोच भी नहीं सकता था। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के इतिहास में भारत की ओर से 1961 में उदय चंद और 1967 में विशंभर सिंह ने मेडल जीता था। इनके बाद अलका ने 2006 में मेडल जीता और पहली महिला पहलवान बनी। अलका ने अपने प्रदर्शन से महिला कुश्ती को लेकर हर मिथक को तोड़ा था। नेशनल चैंपियनशिप, नेशनल गेम्स, एशियन गेम्स, काॅमनवेल्थ गेम्स, विश्व कुश्ती चैंपियनशिप समेत तमाम कुश्ती प्रतियोगिताओं में अलका ने भरपूर मेडल जीते और इनके बूते ही उन्हें अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया।