परतापुर थाना क्षेत्र के गांव घाट निवासी शेखर ने सात महीने पहले अपने पड़ोस में रहने वाली पूनम से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों के परिजनों ने इस विवाह को स्वीकार नहीं किया तो थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां पर दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने पर जीने मरने की कसमें खाई। युवक अपनी पत्नी पूनम को टीपीनगर थाना क्षेत्र के गोलाबड़ निवासी अपनी बहन बबीता के यहां लेकर आ गया और दोनों वहीं रहने लगे। रात दो बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद शेखर ने लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर लोहे की राॅड लगने से पूनम ने थोड़ी देर तड़पने के बाद मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी के अनुसार वह तब तक वहीं बैठा रहा जब तक कि उसकी पत्नी की मौत नहीं हो गई। सुबह होने पर पुलिस को घटना का पता लगा। इसके बाद पूनम के परिजनाें को उसकी मौत की जानकारी दी गई।