नई दिल्ली। गुजरात के आनंद जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और यात्रियों से भरी कार में आमने सामने से टक्कर हो गई। इस हादस में एक बच्चे सहित 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तारापुर के नजदीक हुआ है। ये सभी 10 लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शवों को तारापुर रेफरल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।
मौके पर 10 की मौत
पुलिस के अनुसार, यह घटना आनंद जिले के तारापुर को अहमदाबाद जिले के वतामन से जोड़ने वाले राज्य राजमार्ग पर हुई है। इको कार में सवार एक ही परिवार के सभी सदस्य सूरत के भावनगर की तरफ जा रहे थे। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार वतामन की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। पुलिस ने कहा कि कार के क्षतिग्रस्त अवशेषों से शवों को निकालने और मृतकों की पहचान करने का प्रयास जारी हैं।