
corona case
नई दिल्ली। देश में महामारी कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर तेजी से ब्रेक लगता दिखाई दे रहा है। अब रोजाना कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले पांच दिनों से देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले 60,000 से कम आ रहे हैं। देश में कोरोना का ग्राफ भले ही नीचे जाता दिखाई दे रहा हो लेकिन तीसरी लहर की आहट को देखते हुए कहा जा सकता है कि खतरा अभी कम नहीं हुआ है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 58,419 नए कोरोना केस आए और 1576 संक्रमितों की जान चली गई है।
24 घंटों में 58,419 नए कोरोना संक्रमण
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना संक्रमण के 58 हजार 419 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 1 हजार 576 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक कोरोना के नए मामले सामने आने के बाद अब देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 2 करोड़ 98 लाख 81 हजार 965 हो गई है। देश में 81 दिनों बाद 60 हजार से कम कोरोना मामले सामने आए हैं। बीते दिन 87,619 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं यानी कि कल 30,776 एक्टिव केस कम हो गए। ब्लैक फंगस के अलावा देश में येलो, व्हाइट और अब ग्रीन फंगस के मामले सामनेे आ रहे हैं।
24 घंटे में 38,10,554 वैक्सीन लगाई गईं
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 38 लाख 10 हजार 554 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 27 करोड़ 66 लाख 93 हजार 572 हुआ।
राज्यों में कोरोना की स्थिति...
— दिल्ली : 135 नए मामले और 7 लोगों की मौत
— उत्तर प्रदेश : 294 नए मरीज और 51 लोगों की मौत
— पश्चिम बंगाल : 2486 नए मामले और 55 मरीजों की मौत
— हरियाणा : 170 कोरोना के नए मामले और 33 मरीजों की मौत
— जम्मू कश्मीर : 521 नए मामले और 4 लोगों की मौत
— कर्नाटक : 5815 नए मामले और 161 मरीजों की मौत
— गुजरात : 228 नए मामले और 5 लोगों की मौत
अब तक 3,86,713 लोगों की मौत
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक कोरोना से 7 लाख 29 हजार 243 एक्टिव केस हैं, जबकि 2 करोड़ 87 लाख 66 हजार 9 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। देश में अब तक इस महामारी से 3 लाख 86 हजार 713 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से कम हो रही है। महाराष्ट्र में अब कोरोना के नए मामले 10 हजार के भी नीचे पहुंच गए हैं।
Published on:
20 Jun 2021, 10:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.