
पीएम मोदी के नाम 85 वर्षीय महिला करना चाहती अपनी सारी संपत्ति
नई दिल्ली। देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( PM Narendra Modi ) को पसंद करने वालों का एक बड़ा वर्ग है। नेता के तौर पर पीएम मोदी ने देशवासियों के बीच एक अलग ही संबंध बनाया है। फिर चाहे वो मन की बात हो या फिर देशवासियों को संबोधन। उनकी बात हर कोई ना सिर्फ गंभीरता से सुनता है बल्कि मानता भी है। लेकिन कुछ लोगों के बीच तो नरेंद्र मोदी कुछ ज्यादा ही लोकप्रिय हैं।
इसमें ना सिर्फ युवा बल्कि बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। ऐसी एक बुजुर्ग ने पीएम मोदी को लेकर अपनी अजीब इच्छा जाहिर की है।
दरअसल 85 वर्षीय ये अम्मा अपनी सारी संपत्ति पीएम मोदी के नाम करना चाहती है। अम्मा के इस फैसले के पीछे की वजह भी काफी भावुक करने वाली है। आईए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
पीएम मोदी की लोकप्रियता का बड़ा मामला उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से सामने आया है। यहां एक 85 वर्षीय बिट्टन देवी नाम की बुर्जग महिला अपनी बड़ी इच्छा जाहिर की है। बिट्टन देवी चाहती हैं कि उनकी सारी जमीन-जायदाद पीएम नाम कर दी जाए।
वकील भी हुए हैरान
बुधवार को अचानक मैनपुरी की तहसील के वकील कृष्ण प्रताप सिंह के चैंबर में गईं। वहां उन्होंने वकील से बात की और अपनी सारी जमीन पीएम मोदी के नाम पर करने की इच्छा जताई, जिसे सुनकर वहां बैठे सारे लोगों के होश उड़ गए।
बिट्टन देवी की इस अजीब ख्वाहिश को लेकर वकील भी हैरान रह गए। वकील का कहना था कि पहले इस तरह की इच्छा किसी से नहीं सुनी।
बिट्टन देवी के पास है इतनी जमीन
85 वर्षीय बिट्टन देवी के पास करीब साढ़े 12 बीघा जमीन है। वो चाहती हैं कि उनकी ये सारी जमीन पीएम मोदी के नाम कर दी जाए। हालांकि वकील ने बिट्टन देवी को काफी समझाया, लेकिन वो अपनी बात पर अड़ी हुई हैं।
इसलिए पीएम ने नाम करना चाहती है सम्पत्ति
अम्मा यानी बिट्टन देवी के परिवार में दो बेटे और बहू हैं। उनके पति का देहांत हो चुका है। वैसे तो बिट्टन देवी पूरी तरह अपने बेटे और बहुओं पर आश्रित है, लेकिन कोई भी उनका ध्यान नहीं रखता है।
मजबूरन बिट्टन देवी का गुजारा सरकार की ओर से दी जा रही वृद्धावस्था पेंशन से हो रहा है। यही वजह है कि बिट्टन देवी अपनी संपत्ति भी पीएम मोदी के नाम ही करना चाहती है। क्योंकि वो मानती है जो उन्हें खिला रहा है, ख्याल रख रहा है उसी के नाम वो अपनी जमीन जायदाद भी कर देंगी।
बिट्टन देवी की ये भावुक कर देने वाली जिद और इच्छा अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
Published on:
3 Dec 2020, 2:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.