
नई दिल्लीः बेशक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश यात्रा से वापस लौट आए हों लेकिन ब्रिटेन में प्रधानमंत्री थेरेसा मे से उनकी मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल हुआ यूं कि पीएम मोदी और ब्रिटिश पीएम की मुलाकात हो रही थी तभी इन दोनों नेताओं को बताया कि खिड़की को वे भूलकर भी न छुएं। अधिकारियों ने बताया था कि ऐसा करने पर डक (बतख) उन पर हमला कर सकती है। बताया जा रहा है कि जहां पर मीटिंग हो रही है उस कमरे में डक ने अंडे दिए थे। इन अंडों से बच्चों का निकलने का समय हो चुका था और इस पर ही डक बैठी थी। अगर कोई इसे छूता तो अंडे नीचे गिर सकते थे। ऐसे हालात में डक उन दोनों पर हमला भी कर सकती थी।
बच्चों के प्रति डक होती हैं गंभीर
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे के एक स्टाफ ने बताया कि डक अपने अजन्मे बच्चों को लेकर काफी संवेदनशील होती है। भूरे रंग की यह डक अपने बच्चों की सुरक्षा बड़ी ही जिम्मेदारीपूर्वक करती है। जब इसे लगता है कि उसके बच्चों पर खतरा है तो नुकसान पहुंचाने वाले पर हमला कर देती है। इस सब बातों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने थेरेसा और मोदी से इसके घाैंसले से दूरी बनाए रखने की नसीहत दी थी।
बुधवार को हुई थी मुलाकात
पिछले सप्ताह बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात ब्रिटिश पीएम थेरेसा मे से 10 डाउनिंग स्ट्रीट में हुई थी। थेरेसा मे के दफ्तर में एक डक (बतख) ने अंडे दिए थे। इसको लेकर थेरेसा के स्टाफ प्रमुख गेविन बार्वेल ने मोदी और थेरेसा को संभावित खतरे को लेकर आगाह किया था। 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बगीचों में हर साल वसंत के मौसम में डक अंडे देती हैं। ये इसी बिल्डिंग के किसी भी कोने में अपना घौंसला बना लेती हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय का स्टाफ इनकी विशेष तौर पर देखभाल करता है।
Published on:
23 Apr 2018 05:20 pm
