
Corona: Indian Railways suspend Lucknow-New Delhi Tejas Express from 9 April till next order
नई दिल्ली। देश में तेज गति से कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है, तो कई राज्यों ने आंशिक तौर पर लॉकडाउन लागू कर दिया है। वहीं अब रेलवे ने भी एक बार फिर से एहतियाती कदम उठाना शुरू कर दिया है।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच रेलवे ने तेजस एक्सप्रेस को बंद करने का फैसला किया है। तेजस एक्सप्रेस लखनऊ से नई दिल्ली के बीच चलती है। जानकारी के मुताबिक, लखनऊ में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए प्राइवेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस को 9 अप्रैल से बंद किया जा रहा है, जो कि अगले आदेश तक बंद रहेगी।
IRCTC के मुताबिक, तेजस एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 82501/82502 का संचालन लखनऊ जंक्शन और नई दिल्ली के बीच किया जाता है। तेजस का संचालन सप्ताह में चार (रविवार, सोमवार, शुक्रवार एवं शनिवार) दिन किया जाता है।
मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद के बीच भी संचालन बंद
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अभी हाल ही में मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद (Mumbai-Ahmedabad) के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस का संचालन बंद किया गया है। मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद के बीच 1 महीने के लिए तेजस का संचालन बंद किया गया है।
IRCTC के अनुसार, भारतीय रेलवे ने देश में बढ़ते कोरोना महामारी के प्रकोप के कारण मुंबई-अहमदाबाद के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस (82902/82901) को 02 अप्रैल से एक महीने के लिए रद्द करने का फैसला किया है। जिन यात्रियों ने 82902/82901 तेजस एक्सप्रेस में 2 अप्रैल के बाद सफर के लिए टिकट की बुकिंग की है, उनके टिकट के पैसे जल्द ही रिफंड कर दिए जाएंगे।
बता दें कि महाराष्ट्र और दिल्ली में कोरोना के तेज रफ्तार से बढ़ते मामलों को देखते हुए नाइट कर्फ्यू लगाया गया है, जो कि 30 अप्रैल तक लागू रहेगा।
Updated on:
6 Apr 2021, 10:11 PM IST
Published on:
6 Apr 2021, 10:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.