
एनआईए ने किया हाफिज सईद की साजिश को नाकाम, 5 राज्यों में बना रहा था आतंकी बेस
नई दिल्लीः राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एनआईए ने लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद की उस योजना पर पानी फेर दिया है जिसमें वह भारत में आतंकियों का ठिकाना बनाने लगा हुआ था। जांच एजेंसी को मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली, मुंबई, श्रीनगर और गुजरात में हाफिज सईद आतंकियों के लिए महफूज अड्डा बना रहा था। जानकारी मिलने पर एनआईए ने मंगलवार को श्रीनगर में ऐसे दो जगहों पर छापेमारी की जहां पर आतंकी गतिविधियां चलने का संदेश था।
ऐसे हुआ खुलासा
राष्ट्रीय जांच एजेंसी को हाफिज सईद की इस साजिश का खुलासा तब हुआ जब दिल्ली के निज़ामुद्दीन में तीन हवाला कारोबारी गिरफ्तार किए गए। एनआईए पूछताछ में इन्होंने बताया कि उनका संबंध हाफिज सईद की संस्था फ़लाह ए इन्सानियत से है। इन तीनों में एक आरोपी इस संस्था से सीधे तौर पर संपर्क में था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हाफिज सईद का लाहौर और दुबई में दफ्तर है। अब हाफिज पाकिस्तान के अलावा उन देशों में भी खोलना चाहता है जहां पर आतंकियों को फंड मुहैया करवाया जा सके। एनआईए को शक है कि कुछ हवाला कारोबारियों की मदद से भारत के कई राज्यों में आतंकियों के लिए फंडिंग की जा रही है। इन पैसों का इस्तेमाल कश्मीर में आतंकियों और पत्थरबाजों के लिए किया जा रहा है।
ऐसे भी पैसे कमा रहा है सईद
रिपोर्ट के अनुसार, हाफिज सईद ने पैसे कमाने के लिए छो़टे-छोटे ट्रस्ट भी बनाया है। दरअसल, अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते पाकिस्तान में जमात-उद-दावा के कई ट्रस्टों पर आर्थिक प्रतिबंध लगाया गया है। जिसकी वजह से हाफिज सईद कंगाल हो चुका है। पैसे की कमी को पूरा करने के लिए हाफिज सईद अलग-अलग तरीकों से पैसे कमाने की प्लानिंग कर रहा है।
Published on:
02 Oct 2018 06:57 pm
