नई दिल्ली। आंधी-तूफान के बीच आखिरकार मई के आखिर में ही सही सूरज ने अपनी तपिश से उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले ही लिया। हालात ये हैं कि इन दिनों उत्तर भारत के ज्यादातर शहरों में पारा 45 तक पहुंच गया है। राजस्थान, यूपी, पंजाब, हरियाणा से लेकर महाराष्ट्र तक हर जगह गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। यहां चल रही लू ने भी लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अभी आंधी और तूफान का खतर पूरी तरह नहीं टला है। आने वाले दिनों में करीब दर्जनभर राज्यों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार शाम को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल,सिक्किम, ओडिशा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है।