
कर्नाटक शिक्षा में सुधार के लिए दिल्ली का अनुसरण करेगा: एच.डी. कुमारस्वामी
नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने राज्य के शिक्षा विभाग को स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की बात कही। उन्होंने दिल्ली में शिक्षा के लिए उठाए गए कदमों की तारीफ करते हुए कहा कि दिल्ली की ओर से इस ओर अच्छा काम किया गया है। उन्होंने राज्य के शिक्षा विभाग को इसका अध्ययन करने और इस पर एक रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। बता दें कि यह बातें मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर कही।
ट्वीट कर दी गई जानकारी
सीएमओ ने ट्वीट में कहा कि कुमारस्वामी सरकार ने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में शिक्षा को प्राथमिकता दी है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए एक व्यापक रिपोर्ट जमा करने का निर्देश भी दिए हैं।
अरविंद केजरीवाल ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया है कि अधिकारी दिल्ली सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का अध्ययन करें और कर्नाटक के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के तरीकों की सिफारिश वाली एक रिपोर्ट जमा करें।
इसमें कहा गया कि शिक्षकों की भर्ती, स्कूल भवनों की मरम्मत व बुनियादी ढांचा जैसे मुद्दे बैठक के बिंदुओं में शामिल थे, जिस पर चर्चा की गई। वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को अपने अनुभव कर्नाटक सरकार के साथ साझा कर ज्यादा खुश होगी।
दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था पर हमेशा उठाए जाते थे सवाल
दिल्ली के सरकारी स्कूलों की बदहाली और शिक्षा के स्तर पर हमेशा से सवाल उठते रहे हैं। लेकिन आप सरकार ने दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था पर काफी काम किया। सरकारी स्कूल की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। दिल्ली के शिक्षा मंत्री और डीप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने शिक्षा में सुधार के लिए काफी अहम फैसले लिए हैं।
Published on:
4 Sep 2018, 3:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.