
नेवार्क में स्वामीनारायण मंदिर
वाशिंगटन. अमरीका में खालिस्तानियों की एक ओर शर्मनाक हरकत सामने आई है। कैलिफोर्निया के नेवार्क में खालिस्तानी कट्टरपंथियों ने स्वामीनारायण मंदिर में तोडफ़ोड़ की और दीवारों पर भारत विरोधी नारे लिख दिए। यह मंदिर वाशिंगटन डीसी से 100 किलोमीटर की दूरी पर है। हिंदू अमरीकी फाउंडेशन की ओर से सोशल मीडिया पर साझा तस्वीरों में मंदिरों पर खालिस्तान समर्थक नारे देखे जा सकते हैं। मंदिर के बोर्ड पर भी भारत विरोधी चित्रकारी की गई है। भारत ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की है। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना की निंदा करते हुए कहा, इस तरह की घटनाएं भारतीय समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली है। उधर, अमरीका के गृह विभाग ने घटना की निंदा करते हुए जांच का भरोसा दिलाया है। गौरतलब है कि उत्तरी अमरीका और कनाडा में सक्रिय कुछ खालिस्तानी समर्थक संगठन हिंदू मंदिरों में तोडफ़ोड़ की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में इसी वर्ष अगस्त में स्वामीनारायण मंदिर को निशाना बनाया गया था। मंदिर के गेट पर खालिस्तानी आतंकी हरदीप निज्जर की तस्वीर भी लगाई थी।
ऐसे तत्त्वों को किसी देश में जगह न मिले: जयशंकर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, किसी भी देश में कट्टरपंथी, अलगाववादी और ऐसी किसी भी ताकत को बिल्कुल जगह नहीं जानी चाहिए। उन्होंने कहा, अमरीका में हमारे वाणिज्य दूतावास ने सरकार से शिकायत की है, जिसके बाद कैलिफोर्निया पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Published on:
24 Dec 2023 01:05 am
