
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ( coronavirus ) संकट और लॉकडाउन 3.0 ( Lockdown 3.0 ) के बीच एक राहत देने वाली खबर है। नॉर्थ-ईस्ट स्टेट मिजोरम ने घोषणा की है कि राज्य में कोविद-19 का एक भी मरीज नहीं है। कोरोना से संक्रमित एक मात्र मरीज ठीक हो गया है। इस तरह नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर के बाद उत्तर-पूर्व में कोरोना मुक्त होने वाला मिजोरम चौथा और देश का 5वां राज्य बन गया है।
नॉर्थ-ईस्ट स्टेट के अलावा गोवा में भी कोरोना वायरस के सभी 7 रोगियों का सफल इलाज हो चुका है। इस तरह से गोवा भी कोरोना फ्री स्टेट है।
नीदरलैंड का दौरा करने वाले 50 वर्षीय पादरी को 24 मार्च को मिजोरम में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उसके बाद पादरी के 4 नमूनों का कोरोना टेस्ट हुआ। चारों टेस्ट में पादरी को कोरोना निगेटिव पाया गया। पादरी मणिपुर की 23 वर्षीय लड़की के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद इलाके में दूसरा रोगी था।
मिजोरम के स्वास्थ्य मंत्री आर लालथंगलिया ने बताया है कि राज्य में पाए गए एक मात्र कोरोना मरीज के सभी 4 नमूनों को एकत्र किया गया जिसके नतीजे निगेटिव आए। इस सप्ताह के अंत तक पादरी को अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि हमारे पास एक भी मरीज नहीं है। हालांकि,राज्य के 11 जिलों में 1,366 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है।
बता दें कि देश में संक्रमण के सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में हैं जहां 15,525 लोग कोविद-19 से संक्रमित हुए हैं। इसके बाद गुजरात में 6,245, दिल्ली में 5,104, तमिलनाडु में 4,058, राजस्थान में 3,158 मध्य प्रदेश में 3,049 और उत्तर प्रदेश में 2,880 लोग संक्रमित हुए हैं।
Updated on:
06 May 2020 03:05 pm
Published on:
06 May 2020 02:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
