
मौसम विभाग की चेतावनीः अगले 48 घंटे देश के इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, उत्तराखंड में हाई अलर्ट
नई दिल्ली। देशभर के राज्यों का मानूनस से बुरा हाल है। एक तरफ केरल सदी की सबसे बड़ी कुदर की मार झेल रहा है तो दूसरी तरफ पहाड़ी इलाकों में भी बारिश का कहर जारी है। खास तौर पर उत्तराखंड में भारी ने जन जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। उधर मैदानी इलाकों की बात करें तो मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ में भी पिछले 24 घंटों में हुई लगातर बारिश ने लोगों जीना मुहाल कर दिया है। यहां बारिश से कई लोगों की जान भी जा चुकी है। मौसम विभाग की माने तो अगले 36 से 48 घंटे देश के कई राज्यों पर भारी रहेंगे।
उत्तराखंड में कुदरत की करवट
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट बदलने को तैयार है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ जिलों के लिए अगले 36 घंटों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। केरल के हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को सतर्क रहने को कहा है। हाल ही में उत्तराखण्ड में भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्स्खलन होने से मार्गों पर यातायात ठप हो गया था। इसका प्रभाव चारधाम यात्रा पर भी पड़ा था। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री को जाने वाले चारों राष्ट्रीय राजमार्गों पर मलबा आने से चारधाम यात्रा रोक दी गई थी।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कुछ जिलों के लिए अगले 36 घंटे मुश्किल भरे बताए हैं, इनमें उत्तरकाशी, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ शमिल है। मौसम विभाग की सलाह पर शासन ने इन जिलों में प्रशासनिक अमले के साथ-साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ को भी सतर्क कर दिया है। शासन ने अलर्ट जारी करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आईटीबीपी की तैनाती करते हुए संवेदनशील स्थानों के आसपास हेलीकॉप्टर की भी तैनाती कर दी है।
मध्यप्रदेश में अगले 24 घंटे का हाई अलर्ट
मध्यप्रदेश के बड़े हिस्से में सोमवार से जारी बारिश का दौर अभी आगामी 24 घंटे नहीं थमेगा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, नीमच, मंदसौर एवं राजगढ़ जिले एवं इंदौर संभाग में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की आशंका जताई है। मध्यप्रदेश के शेष हिस्सों में कुछ स्थानो पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। भोपाल में सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक हुई 6.25 इंच बारिश ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बारिश के चलते 24 घंटे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है।
झारखंड में 24 सक्रीय होगा मानसून
झारखंड में अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 24 अगस्त से राज्य के सभी हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। राज्य में ४८ घंटों के बाद मानसून सक्रिय होगा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के हर हिस्से में बारिश हुई। इससे मानसून की स्थिति में मामूली सुधार हुआ। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार २४ अगस्त से पूरे राज्य में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
इन राज्यों में जारी किए गए अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से अगले 48 घंटों के लिए देश के 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सबसे ऊपर उत्तराखंड का नाम है जहां मौसम विभाग ने केरल की हालात को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़, राज्स्थान,झारखंड,प.बंगाल और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर होगी बारिश
दिल्ली एनसीआर की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक यहां आने वाले कुछ दिन रुक-रुक कर बारिश होगी। हालांकि उमस और गर्मी का सिलसिला भी यूं ही जारी रहेगा। वहीं उत्तर प्रदेश में भी बारिश का हाल कमोबेश यही रहेगा।
Published on:
22 Aug 2018, 7:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.