
भोपाल। घरों में सांप-बिच्छू निकलना बहुत आम बात है, लेकिन अगर खाने पीने की चीजों में भी सांप-बिच्छू निकलने लगें तो आप क्या कहेंगे? यह हम सब जानते हैं के सब्जियों में कीड़े-मकौड़े निकलना आम बात है और इसीलिए हम जब भी बाज़ार से सब्जियां या फल लेकर हैं तो उसे पहले अच्छे से धो कर साफ लेते हैं फिर इस्तेमाल करते हैं, खासकर जब बात फूल गोभी और पत्ता गोभी हो। लेकिन मध्य प्रदेश के इंदौर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे और मन खिन्न हो जाएगा। यहां एक मां-बेटी सांप के बच्चे को गोभी की सब्जी में पकाकर खा गईं। सांप के बच्चे का सब्जी में होने से अनजान मां-बेटी को इसका बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था, कि खाना खाने के बाद उन पर क्या बीतने वाली है। सांप खाने का नतीजा और क्या होग भी क्या? परिणाम यह हुआ है कि मां और बेटी दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सावधानी हटी दुर्घटना घटी! यह कहावत यहां बिल्कुल सटीक बैठती है। अंजाम से अंजान इंदौर के खरजाना इलाके में रहने वाली 35 वर्षीय महिला आफजान खाना बनाने के लिए बाज़ार से गोभी खरीदकर लाई थीं। गोभी के अंदर सांप का जिंदा बच्चा छिपा हुआ था, जिस पर आफजान की नजर नहीं पड़ी। गोभी काटते समय आफजान ने सांप के बच्चे को भी काट दिया। सब्जी बनाने के बाद जब आफजान और उनकी 15 वर्षीय बेटी आमना खाना खा रही थीं तो उनकी नजर सांप के कटे हुए टुकड़ों पर पड़ी। दोनों यह देखकर भोचक्की रह गईं।
जब तक दोनों कुछ समझ पाते तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सब्जी में सांप के कटे हुए टुकड़े देखकर दोनों को जैसे ही असलियत का अंदाजा हुआ, दोनों को उल्टियां होनी शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर आस-पड़ोस के लोग दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जब जांच की तो दोनों के शरीर में जहर के अंश पाए गए। इसके बाद डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू कर दिया।
डॉक्टर ने भी यही कारण बताया कि गोभी में अंदर छिपे सांप को खाना ही दोनों की तबियत ख़राब होने की वजह थी। अस्पताल में मां-बेटी का इलाज कर रहे डॉक्टर धर्मेंद्र ने बताया कि दोनों को नहीं मालूम था कि वो सब्जी के साथ सांप के बच्चे को भी खा रही हैं। सांप का बच्चा गोभी में अंदर छिपा हुआ होगा, इसलिए उसपर नजर नहीं गई होगी। डॉक्टर ने सांप के जहरीले होने की आशंका जताई और उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल मां-बेटी की हालत में सुधार है। दोनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। मां-बेटी के कुछ अन्य टेस्ट भी किए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट का इंतजार है। पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही हम स्पष्ट कर सकते हैं के असल कारण क्या है।
डॉक्टरों का कहना है कि बारिश के कारण सांप वगैरह अपने बिल से निकलकर बाहर आ जाते हैं, बारिश में खास ख्याल रखें। खेतों में गोभी जैसी सब्जियों में सांप के बच्चों का छिपकर बैठना आम बात है। ऐसे मौसम में लोगों को खाना बनाने में विशेष एहतियात बरतनी चाहिए। गोभी वगैरह को ठीक से देखकर ही काटकर बनाना चाहिए और पकाते समय भी अहतियात बरतनी चाहिए। क्यों कि खाना जीने के लिए खाया जाता है उसे मरने का कारण ना बनने दें।
Published on:
20 Nov 2017 12:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
