
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के मरीजों के मामले में अब ओडिशा की स्थिति भी बिगड़ने लगी है। ऐसा पश्चिम बंगाल से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों से लोगों के आवागमन की वजह से हुआ है। पिछले एक महीने से कम समय में 2700 से ज्यादा लोग बंगाल से ओडिशा पहुंचे हैं। पश्चिम बंगाल से लगते ओडिशा के बालासोर, भद्रक और जाजपुर में कोरोना मरीज के रूप में सामने आए लोग उन्हीं से जुड़े हैं। बालासोर में 5 नए मामले ने तो नॉर्थ ओडिशा को कोरोना का हॉटस्पॉट बना दिया है।
इतना ही नहीं भद्रक और जाजपुर जिले के 10 मामलों का संबंध भी पश्चिम बंगाल से आने वाले लोगों से जुड़ा है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 79 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को पश्चिम बंगाल (West Bengal) की सीमा से लगने वाले बालासोर जिले से सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नये मामलों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। बालासोर जिले में सोमवार को भी कोविड-19 के दो मामले सामने आए थे जिसमें दो साल का एक बच्चा भी शामिल है।
इससे पहले भुवनेश्वर में 72 वर्षीय एक बुजुर्ग की कोरोना वायरस के चलते मौत हो गई थी। राज्य में सामने आए 79 मामलों में से 46 खुर्दा जिले से सामने आए हैं। बालासोर और भद्रक से आठ, जाजपुर से सात, सुंदरगढ़ से तीन, केंद्रपाड़ा और कालाहांडी से दो-दो तथा कटक, ढेंकनाल और पुरी जिलों से एक-एक मामला शामिल है। ओडिशा में अब तक कोरोना वायरस के लिए 11,748 आरटी पीसीआर जांच और 4,861 त्वरित एंटीबॉडी जांच हुई है।
Updated on:
22 Apr 2020, 4:45 PM IST
Published on:
22 Apr 2020, 4:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.