
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 मई को रूस जा रहे हैं। इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय ने दी है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक पीएम मोदी रुस के सोची शहर में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अनौपचारिक बैठक करेंगे। दरअसल ये बैठक दोनों देशों के बीच नियमित तौर पर होने वाली उच्च स्तरीय बातचीत की परंपरा के तहत हो रही है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों की समीक्षा होगी। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय मामलों पर भी दोनों नेता बातचीत कर सकते हैं। प्रधानमंत्री की यह यात्रा बदलते वैश्विक समीकरण के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। क्योंकि ईरान पर अमरीका के नये प्रतिबंधों को देखते हुए भारत के रुख पर सबकी निगाहें होगी। रूस पहले ही ईरान पर अमरीकी प्रतिबंधों की निंदा कर चुका है।
तीसरी बार रूस जा रहे हैं मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा तीसरी बार हो रहा है। इससे पहले मोदी साल 2015 और 2017 में रूस के दौरे पर गए थे। पिछली मुलाकात में दोनों देशों के बीच रक्षा और व्यापार से जुड़े समझौते हुए थे। इस बार के दौरे में कोई समझौता होगा या नहीं इसकी सूचना अभी तक नहीं मिल पाई है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी का यह दौरा चीन दौरे की तरह अनौपचारिक ही होगा।
अजित डोभाल ने भी किया था रूस का दौरा
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने भी पिछले सप्ताह रूस के दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने रूस के विदेष मंत्री से मुलाकात की थी। इस बैठक में आतंकवाद समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई थी। माना जा रहा है कि अजित डोभाल की यात्रा का मकसद ही पीएम मोदी के दौरे को अंतिम रुप देना था लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
Published on:
14 May 2018, 7:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.