
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सरकार ने इस महामारी पर रोक लगाने के लिए लॉकडाउन का तीसरा फेज भी लागू कर दिया है। देश में अब 17 मई तक लॉकडाउन-3 जारी रहेगा। इस बीच कोविड-19 को लेकर अफवाहों का बाजार भी सोशल मीडिया पर गर्म है। सोशल मीडिया पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है कि कोरोना महामारी को देखते हुए सरकार ने फ्री मास्क बांटने का फैसला लिया है। मास्क लेने के लिए एक लिंक भी दिया गया है। सोशल मीडिया पर फैली इस खबर से लोग परेशान और हैरान दिख रहे हैं।
दावा- कोरोना महामारी रोकने के लिए सरकार बांट रही फ्री मास्क
तथ्य- सरकार ने नहीं लिया कोई ऐसा फैसला..मैसेज पूरी तरह से फेक
क्या है वायरल मैसेज ?
दरअसल व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर समेत अन्य सोशल प्लेटफॉर्म पर यह खबर तेजी से शेयर की जा रही है कि कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप से सरकार ने पीएम मास्क योजना के तहत मास्क बांटने की योजना तैयार की है। वायरल मैसेज में लिखा गया है कि नरेंद्र मोदी जी ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत सभी लोगों को कोरोना वायरस मुक्त मास्क फ्री में देने की घोषणा की है। आप भी नीचे लिंक पर किल्क करके अपना फ्री मास्क ऑर्डर करके पहनिए और स्वच्छ भारत का हिस्सा बनिए। सोशल मीडिया पर यह लिंक भी दिया गया है । https:// www.narendrmodiawasyojana.in/? m=
वायरल मैसेज की क्या है सच्चाई?
पत्रिका फैक्ट चेक टीम ने जब इस न्यूज की पड़ताल शुरू की तो मालूम चला कि यह वायरल मैसेज पूरी तरह से फेक है। सरकार की ओर से इस तरह का ना तो कोई कदम उठाया गया है और ना ही कोई आदेश जारी किया गया है। पत्रिका फैक्ट चेक टीम ने दिए गए लिंक के बारे में जानने की कोशिश तो वह भी फेक निकला। लिंक में जो स्पेलिंग लिखे गए हैं वह गलत है..पत्रिका अपने विश्वसनीय पाठकों और दर्शकों से अपील करता है कि कोरोना को लेकर वायरल की जा रही फेक न्यूज से हमेशा बचें। सही और सटीक खबर देखने और पढ़ने के लिए पत्रिका डॉट कॉम वेबसाइट और पत्रिका एप का ही इस्तेमाल करें।
PIB ने खबर को फर्जी करार दिया
प्रेस इन्फॉरमेशन ब्यूरो ने भी इस खबर को गलत बताया है। PIB ने कहा कि सरकार ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया है। साथ ही केंद्र सरकार के पास PM मास्क योजना की कोई भी स्कीम नहीं है। शरारती तत्वों द्वारा इस तरह की खबर वायरल की जा रही है। PIB ने लोगों से इस तरह की खबर पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
Updated on:
2 May 2020, 12:39 PM IST
Published on:
2 May 2020, 12:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.