नई दिल्ली: मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड की सुनवाई देश के सबसे बड़ी अदालत सर्वोच्च न्यायालय में हुई। सुप्रीम कोर्ट ने देश में बलात्कार की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की है और कहा कि जिधर देखो, उधर ही, महिलाओं का बलात्कार हो रहा है। मुजफ्फरपुर बालिका गृहकांड पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की है। कोर्ट ने पीड़ित बच्चियों के इंटरव्यू करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया है। कोर्ट ने कहा कि इससे पीड़िता पर मानसिक दबाव पड़ता है। इस सिलसिले में सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली महिला आयोग को फटकार भी लगाते हुए मामले में दखल नहीं देने को कहा है। साथ ही राजनीतिकरण नहीं करने के निर्देश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से भी यौन शोषण मामले में पीड़ितों की तस्वीरें प्रकाशित या प्रदर्शित नहीं करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 14 अगस्त होगी।