
तलाक की अर्जी पर बोले तेज प्रताप, पिता को टिकट देने का दबाव बना रही थी ऐश्वर्या
नई दिल्ली। बिहार के पूर्व सीएम और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का परिवार एक बार फिर मुश्किलों में नजर आ रहा है। इस बार मुसीबत का कारण कुछ और नहीं, बल्कि घर के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या से तलाक लेने की जिद है। यही कारण है कि तेज प्रताप की शादी टूटने की कगार पर आ पहुंची है। वहीं, तेजप्रताप ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर तलाक अर्जी वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। तेजप्रताप ने तलाक की अर्जी में इस बात का जिक्र किया है कि उसकी पत्नी ऐश्वर्या राय अपने पिता चंद्रिका राय को छपरा से लोकसभा का टिकट से देने का दबाव बना रही थी। तेज प्रताप ने कहा है कि ऐश्वर्या कहती थीं कि अगर उसे पिता को छपरा से टिकट नहीं मिला तो यह शादी करने का लाभ ही क्या रहा? आपको बता दें कि तेज प्रताप ने एक स्थानीय अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल की है। इस अर्जी पर 29 नवंबर को सुनवाई होनी है।
समझाने बुझाने का प्रयास
वहीं, परिवार के सदस्य तेज प्रताप को समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। यही नहीं घरवाले तेज प्रताप के इस कदम से खासे नाराज हैं। लालू यादव ने बेटे तेज के इस कदम का कड़ा विरोध किया है। लेकिन तेज प्रताप किसी भी सुनने को तैयार नहीं हैं और अपने फैसले पर अडिग हैं। पत्नी ऐश्वर्या से तलाक को लेकर तेज प्रताप जैसी बयानबाजी कर रहे हैं, उससे लगता है कि परिवार के समझाने का उन पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार परिवार के लोग तेज प्रताप से लगातार मोबाइल फोन पर संपर्क साधने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनसे कोई बात नहीं हो पा रही है।
मीडिया के सामने मुखर
तेज प्रताप यादव अपने तलाक की खबर को लेकर मीडिया के सामने मुखर हो गए हैं। इस दौरान बातचीत संकेत दिया है कि उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय ने भी उन्हें तलाक के लिए उकसाया था। कोर्ट में दाखिल की गई अर्जी के अनुसार तेज प्रताप और ऐश्वर्या के बीच शादी के एक महीने बाद ही नौबत मारपीट तक पहुंच गई थी।
Published on:
5 Nov 2018, 3:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.