
मुकेश अंबानी के घर के बाहर एक संदिग्ध कार।
नई दिल्ली। देश के बड़े उद्योगपतियों में से एक मुकेश अंबानी के घर के बाहर एक संदिग्ध कार बरामद की गई थी। इस मामले में अब आतंकी गतिविधियां भी सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आतंकी संगठन जैश उल हिंद ने रविवार को उघोगपति अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक से भरी कार को रखने का जिम्मा लिया है।
संगठन ने टेलिग्राफ एप के जरिए इसकी जिम्मेदारी ली है। संगठन ने कुछ दिनों पहले ही इस्रायल के दूतावास के बाहर धमाके की जिम्मेदारी ली थी। इस दौरान आतंकी संगठन की तरफ से बिटकॉइन से पैसे की डिमांड रखी गई थी।
रोक सकते हो तो रोक लो
आतंकी संगठन ने एक संदेश के जरिए जांच एजेंसी को चुनौती दी है। संदेश में कहा गया है कि 'रोक सकते हो तो रोक लो, तुम कुछ नहीं कर पाए थे जब हमने तुम्हारी नाक के नीचे दिल्ली में तुम्हें हिट किया था, तुमने मोसाद के साथ हाथ मिलाया लेकिन कुछ नहीं हुआ।' इसके आखिर में लिखा कि तुम्हें (अंबानी के लिए) मालूम है तुम्हें क्या करना है। बस पैसे ट्रांसफर कर दो जो तुम्हें पहले कहा गया है।
क्या है पूरा मामला
25 फरवरी को मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर एक संदिग्ध कार और 20 जिलेटिन की छड़ें बरामद की गई थीं। घर के बाहर बुधवार रात को एक बजे के करीब स्कॉर्पियो को खड़ा किया गया था। सीसीटीवी फुटेज में इस बात की पुष्टि हुई है। यहां पर दो गाड़ियां देखी गई थी, जिसमें एक इनोवा भी थी। गाड़ी का ड्राइवर एसयूवी को एंटीलिया के बाहर पार्क करके चला गया था।
संदिग्ध कार दिखने के बाद अंबानी के घर के सुरक्षाकर्मियों ने स्थानीय पुलिस को इसके बारे में सूचित किया था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच करनी शुरू कर दी थी।
Published on:
28 Feb 2021 10:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
