नई दिल्ली। राजधानी में मौसम एक बार फिर से आंख मिचौली खेल रहा है। तीन दिन पूर्व ही भारी बारिश के बाद मौसम में फिर से गर्मी देखने को मिली है। हालांकि शुक्रवार सुबह आंशिक बदली छाई रही। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिन में छाई बदली एक बार फिर बारिश को आकर्षित कर सकती है। वहीं दिल्ली और उससे सटे इलाकों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। सुबह के मौसम की बात करें तो यहां 8.30 बजे आद्र्रता का स्तर 83 प्रतिशत तक रिकॉर्ड किया गया। आपको बता दें कि दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम का सामान्य तापमान है।