
उत्तर भारत बदल सकता है मौसम का मिजाज, दिल्ली में बारिश होने के आसार
नई दिल्ली। राजधानी में मौसम एक बार फिर से आंख मिचौली खेल रहा है। तीन दिन पूर्व ही भारी बारिश के बाद मौसम में फिर से गर्मी देखने को मिली है। हालांकि शुक्रवार सुबह आंशिक बदली छाई रही। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिन में छाई बदली एक बार फिर बारिश को आकर्षित कर सकती है। वहीं दिल्ली और उससे सटे इलाकों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। सुबह के मौसम की बात करें तो यहां 8.30 बजे आद्र्रता का स्तर 83 प्रतिशत तक रिकॉर्ड किया गया। आपको बता दें कि दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम का सामान्य तापमान है।
बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम सुहावना बना हुआ है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पटना तथा आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को भी हल्के बादल छाए हुए हैं तथा बारिश के आसार हैं। राजधानी पटना का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 24 से 48 घंटे के दौरान बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भागलपुर का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस, गया का 26.2 डिग्री तथा पूर्णिया का 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पटना का शुक्रवार को अधिकतम पारा 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पटना का गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले 24 घंटे के दौरान पटना में 12.40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
Published on:
31 Aug 2018 11:01 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
