
संयुक्त राष्ट्र: भारत और एंटीगुआ के विदेश मंत्रियों की मुलाकात, मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण पर पूरी मदद का वादा
न्यूयार्क। एंटीगुआ ने मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण मुद्दे पर भारत के साथ पूर्ण सहयोग करने का वादा किया है। गुरुवार को अमरीका में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा एंटीगुआ और बारबुडा के विदेश मंत्री ईपी चेट ग्रीन की मुलकात के दौरान मेहुल चोकसी का मुद्दा उठने पर एंटीगुआ के विदेश मंत्री ने यह आश्वासन दिया। भारतीय विदेश मंत्री ने पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण के मामले में मदद मांगी थी। बता दें कि मेहुल चोकसी इस समय एंटीगुआ में है।
मेहुल पर बनेगी बात ?
संयुक्त राष्ट्र की जनरल असेंबली के 73वें अधिवेशन में हिस्सा लेने अमरीका पहुंची विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने एंटीगुआ के विदेश मंत्री के साथ मुलाकात में मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को लेकर मदद मांगी। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में भारतीय विदेश मंत्री ने अपने समकक्ष ईपी चेट ग्रीन को यह साफ संदेश दिया कि चोकसी भारत के लिए एक भगोड़ा है और उसके प्रत्यर्पण को लेकर भारत काफी आशन्वित है। इस पर एंटीगुआ के विदेश मंत्री ग्रीन ने सहयोग करने का वादा किया । मुलाकात के बाद जब एंटीगुआ के विदेश मंत्री से पूछा गया कि क्या एंटीगुआ चोकसी को प्रत्यर्पित करने में भारत की मदद करेगा, तो ग्रीन ने कहा, "मुझे लगता है कि इस बारे मे भारतीय विदेश मंत्री से बात करना ज्यादा उचित है।"
भारत और एंटीगुआ के बीच प्रत्यर्पण संधि
भारत और एंटीगुआ के बीच प्रत्यर्पण संधि पहले ही हस्ताक्षर कर दिए गए हैं। बीते दिनों चोकसी के एंटीगुआ में मौजूद होने की पुष्टि बाद भारत लगातार एंटीगुआ पर दबाव बना रहा है। भारतीय एजेंसियां मेहुल चोकसी को भारत लाने के हरसंभव विकल्प पर काम कर रही हैं। बता दें कि इससे पहले एंटीगुआ ने भारत को बताया था कि भारत की मुंबई पुलिस से क्लियरेंस मिलने के बाद ही भगोड़े कारोबारी को एंटीगुआ की नागरिकता दी गई। चोकसी को सिटिजनशिप बाय इन्वेस्टमेंट द्वारा मई 2017 में एंटीगुआ की नागरिकता दी गई थी।
Updated on:
27 Sep 2018, 8:50 AM IST
Published on:
27 Sep 2018, 8:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.