मेक्सिको: ड्रग्स तस्करों ने 6 बच्चों समेत 9 अमरीकियों की गोली मारकर की हत्या
बंदूकधारियों ने अमरीकी मूल के नागरिकों को निशाना बनाकर किया हमला
2006 से मेक्सिको में ड्रग्स तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है
इस हमले में शामिल सभी बंदूकधारी ड्रग्स तस्करी में शामिल है
मेक्सिको सिटी। उत्तरी अमरीकी देश मेक्सिको के उत्तरी क्षेत्र में बंदूकधारियों ने सोमवार को 9 अमरीकी नागिरकों की हत्या कर दी। ये सभी बंदूकधारी ड्रग्स कारोबार में शामिल हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में मंगलवार को बताया गया है कि संदिग्ध बंदूकधारियों की ओर से किए गए हिंसक हमले में 6 बच्चे समेत 9 अमरीकी नागरिकों की मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में एक मां और उसके चार बच्चे मारे गए हैं।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित लेबरोन परिवार से थे, जो मोरमोन समुदाय से जुड़े थे। वह कई दशकों पहले मेक्सिको में बस गए थे।
घटना का वीडियो भी आया सामने
इस क्रूर घटना को लेकर लेबरोन परिवार के सदस्यों ने कहा कि तीन मां और 14 बच्चों का एक बड़ा समूह सोनोरा राज्य के बाविसपे से कारों में सवार होकर पड़ोसी राज्य चिहुआहुआ के ला मोरा जा रहे थे।
इसी बीच बाविसपे में घात लगाए हुए बंदूकधारियों ने उन पर हमला कर दिया। बाद में जली हुई बुलेट प्रूफ एसयूवी पीड़ितों के अवशेषों के साथ सड़क के किनारे पाई गई।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक जली हुई कार दिखाई दे रही है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि इसमें कुछ पीड़ित के जिंदा जल गए होंगे। इस घटनाक्रम के बाद कई अन्य लोग लापता भी बताए जा रहे हैं।
स्थानीय मीडिया ने संभावना जताई है कि इस हमले की योजना किसी ओर के लिए बनाई गई हो सकती है और गलती से उक्त परिवार इसकी चपेट में आ गया होगा।
आपको बता दें कि साल 2006 में मेक्सिको ने ड्रग्स तस्करों के खिलाफ अभियान शुरू किया था। उसके बाद से अब तक यहां 25,000 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं।