नई दिल्ली। अफ्रीकी देश रवांडा और युगांडा के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार शाम को दक्षिण अफ्रीका पहुंच गए हैं। आज जोहानिसबर्ग में मोदी 10वें ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जिसमें अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा समेत कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। बता दें पीएम मोदी तीन देश रवांडा, युगांडा और दक्षिण अफ्रीका के पांच दिवसीय दौरे पर हैं।
ब्रिक्स नेताओं से करेंगे मुलाकात
दसवें ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के बाद पीएम मोदी ब्रिक्स के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकात भी करेंगे। वो चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा से भी मुलाकात करेंगे। इन नेताओं से मुलाकात के दौरान वो वैश्विक मुद्दों और आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर बात करेंगे।