मुरादाबाद. जिले की भोजपुर नगर पंचायत अध्यक्ष रहमत जहां को दो पुरूषों द्वारा अपनी पत्नी बताने के दावे के बाद अब 9 अगस्त को कोर्ट फैसला आएगा, जिसके बाद ही यह साफ हो सकेगा कि रहमत जहां किसकी बीवी हैं। बता दें कि उत्तराखंड के थाना कुंडा तहसील जसपुर के ग्राम बाबरखेड़ा निवासी नसीम अहमद ने चेयरपर्सन रहमतजहां पर अपनी बीवी होने का दावा किया था। उन्होंने कोर्ट से अपनी पत्नी को वापस दिलाने के लिए गुहार लगाई थी। वहीं पूर्व चेयरमैन शफी अहमद उर्फ बाबू ने भी रहमतजहां को अपनी तीसरी बीवी बताते हुए निकाहनामा पेश कर बीवी होने का दावा किया था। नसीम अहमद और शफी अहमद के अधिवक्ताओं के बीच बहस और दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद मुंसिफ मजिस्ट्रेट प्रकाश चंद आर्य ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। न्यायालय ने 9 अगस्त की तारीख मुकर्रर की है।