
मुरादाबाद. आज एक मां जिंदगी के उस दौराहे पर खड़ी जिसके बारे में उसने कभी सोचा भी न था। उसके बुढ़ापे में उसका सहारा बनने वाले बेटे ही उसकी इस गंभीर समस्या का कारण बने हैं। दरअसल, बिलारी थाना क्षेत्र में जमीनी झगड़े में एक भाई ने पीट पीटकर अपने ही भाई की हत्या कर दी थी। इसके बाद से साठ वर्षीय सरला देवी का हाल बुरा है। अब उसके सामने ये संकट आन खड़ा हुआ है कि वह मृतक बेटे की पैरवी करे या फिर जिसने हत्या की है उसकी। दोनों बेटों से बेहद प्यार करने वाली सरला अब इस दर्द से घुट रही है।
मुरादाबाद जनपद के बिलारी थाना क्षेत्र के नारायणपुर देवा गांव में सरेराह रिश्तों के कत्ल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मकान के बंटवारे के विवाद को लेकर दो भाई एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए और तब तक एक दूसरे को पीटते रहे जब तक एक भाई की मौत नहीं हो गई। बता दें कि नारायणपुर देवा गांव में रहने वाले पुष्पेंद्र पिछले कई दिनों से मकान बंटवारे को लेकर अपने छोटे भाई संजीव से नाराज चल रहा था। पिता की मौत के बाद पुष्पेंद्र मकान के हिस्से में बड़ा हिस्सा चाहता था, जिसका संजीव लगातार विरोध कर रहा था। गुरुवार दोपहर विवाद के चलते अचानक दोनों भाई एक दूसरे के सामने आ गए। इसी दौरान पुष्पेंद्र ने लाठी डंडों से संजीव को पीटना शुरू कर दिया। संजीव और पुष्पेंद्र के बीच काफी देर तक झगड़ा होता रहा।
इस दौरान पड़ोसियों ने बीच बचाव की कोशिश की, लेकिन दोनों किसी तरह भी मानने को तैयार नहीं थे। इसी बीच उनकी 60 वर्षीय मां सरला ने भी अपने दूध की दुहाई दी, लेकिन उनके सिर पर तो खून सवार था। पुष्पेंद्र द्वारा लाठी डंडों से किए गए वार से संजीव गम्भीर घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। अब बेबस और लाचार बुजुर्ग मां के सामने संकट आ खड़ा हुआ है कि वह मृत बेटे को न्याय दिलाए या जिसने हत्या की है उसकी पैरवी करे।
Published on:
14 Jan 2018 09:59 am
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
