बता दें कि हाल ही में विद्युत विभाग के अफसराें ने सपा नेता आजम खान के मोहल्ले में अतिरिक्स फोर्स लगाकर चेकिंग की थी। इस दौरान चोरी कर रहे लोगों पर एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इस दौरान तमाम लोग अपना मकान बंद करके घर से अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए, लेकिन चेकिंग करने वाले अफसर चेकिंग करते रहे। इसी क्रम में अब विद्युत विभाग के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे, लेकिन अधिकारी विश्वविधालय के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए और बाहर लगे एक ट्रांसफार्मर को देखकर वापस लौट गए। दरअसल, सरकार बदलने के बाद यह बिजली विभाग का दूसरा दौरा था। पहले दौरे में कई ट्रांसफार्मर बिजली विभाग ने यहां से हटाए थे। बिजली की लाइनें तक उतरवा दी थीं, लेकिन अब फिर उन्हें कोई ऐसी सूचना मिली थी कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय केम्पस में बिजली चोरी हो रही है, लेकिन अधिकारियों की इतनी हिम्मत ही नहीं हुई कि वे आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट के अंदर जाकर चेकिंग कर सकें। इस दौरान बिजली विभाग की टीम में एसी, एक्सईएन, एसडीओ और जेई समेत थाना अजीमनगर पुलिस के दरोगा समेत कई सिपाही शामिल थे। इसके बावजूद वे मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के अंदर जाने की हिम्मत नहीं कर सके।