जानकारी के मुताबिक गीता सैनी ने तीन साल पहले डबल फाटक निवासी संजय सैनी से प्रेम विवाह किया था। बीती चार जनवरी को गीता ने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद पति से उनकी अनबन हो गई। पति के किनारा कर लेने पर जैसे-तैसे गीता ने बेटी का पालन-पोषण किया। पुलिस के मुताबिक इसके बाद गीता उस बच्ची को रेलवे लाइन पर फेंक रही थी। पड़ोसन रेखा के पास कोई संतान नहीं है। रेखा ने गीता से बेटी को गोद लेने की इच्छा जताई। दस हजार रुपए में रेखा ने बच्ची को ले लिया। 27 जनवरी को इसके लिए सौ रुपये के स्टाम्प पर गोदनामा लिखा गया। बच्ची बीमार थी, रेखा ने अपना कुंडल बेचकर उसका इलाज कराया। रेखा का आरोप है कि ढाई माह बाद गीता ने बच्ची का सौदा रामगंगा विहार में रहने वाली किसी दूसरी महिला से 25 हजार में कर लिया। इसके बाद वह बच्ची को वापस लेने के लिए उसके घर पहुंच गई। उसने उसके घर पर हंगामा किया तो वह महिला थाने आ गई।