
नर्स बोली, डिप्टी सीएमओ और रिटायर्ड सीएमओ ने घर में घुसकर किया रेप
मुरादाबाद. गजरौला में एक निजी अस्पताल की नर्स को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म और वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने डिप्टी सीएमओ डाॅ. दिनेश खत्री, रिटायर्ड सीएमओ समेत 3 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं दुष्कर्म पीड़िता का दावा है कि उसके पास कुछ तस्वीरें एवं वीडियो भी हैं। वहीं डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश खत्री ने मामले को झूठा बताया है। पुलिस ने इस मामले में डीजीपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गजरौला निवासी पीड़िता नर्स ने बताया है कि इसी साल जनवरी में उसकी मुलाकात डॉक्टर मुमताज अंसारी से हुई थी। उस दौरान उन्होंने खुद को रिटायर्ड सीएमओ बताते हुए डिप्टी सीएमओ डाॅ. दिनेश खत्री को दोस्त बताया था। साथ ही कहा था कि उसे स्वास्थ्य विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर सरकारी नौकरी लगवा देंगे। नौकरी लगाने के नाम पर आरोपियों ने उससे 24 लाख रुपये भी मांगे थे। इसके बाद दो फरवरी को मुमताज अंसारी उसके घर पहुंचे और जान से मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं 23 फरवरी को डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश खत्री, स्टेनो विजयपाल व मुमताज तीनों लोग घर आए और फिर से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता नेे आरोपियों पर 12 लाख रुपये लेने का भी आरोप लगाया है। दुष्कर्म पीड़िता का दावा है कि उसके साथ जो कुछ हुआ, साक्ष्य के रूप में उसके पास उसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो भी हैं।
वहीं डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश खत्री ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा है कि यह मामला झूठा है। मेरे द्वारा झोलाछापों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई थी। इसी को लेेकर उन पर झूठे आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा का कहना है कि डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश खत्री, रिटायर्ड सीएमओ डॉ. मुमताज अंसारी व स्टेनो विजयपाल के खिलाफ दुष्कर्म व अन्य धाराओं में मामला कायम किया है।
Published on:
17 Jun 2018, 1:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.