
संभल: जनपद के नखासा थाना क्षेत्र में उस समय हडकंप मच गया जब खेत में गेंहू की कटाई कर रही,सात बहनों ने कोई जंगली फल खा लिया। जिसके बाद एक एक कर सभी की हालत बिगड़ने लगी। आनन फानन में उन्हें अस्पताल लाया गया। जहां सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। डाक्टरों के मुताबिक अभी 24 घंटे इन्हें निगरानी में रखा जाएगा उसके बाद ही स्थिति में कुछ कहा जाएगा। उधर पूरे गांव में एक साथ सात बहनों की हालत बिगड़ने से हर कोई हैरान है।
जानकारी के मुताबिक जनपद के नखासा थाना क्षेत्र के गांव हजरत नगर गढ़ी निवासी शीशपाल व दलवीर आपस में चचेरे व तहेरे भाई हैं। दोनों के खेतों में इस समय गेहूं की कटाई चल रही है। गुरुवार की दोपहर शीशपाल की बेटी मनीषा, मानसी, शीतल व खुशी तथा दलवीर की बेटी कंचन, खुशबू व मनीषा आराम करने के लिए एक पेड़ के नीचे बैठ गई। इसी दौरान उन सब ने खेत के बगल में खड़े जंगली पेड़ के फल को खा लिया। कुछ देर तक तो सब ठीक रहीं। लेकिन थोड़ी देर बाद एक एक कर सभी को उल्टियां और पेट में दर्द शुरू हो गया। जिससे वहां हडकंप मच गया। किसी तरह मानसी नामक लड़की ने परिजनों को बताया की जंगली पेड़ का फल खाया था,उसके बाद ही सब की तबियत बिगड़ी है। जहरीले फल खाने की जानकारी के बाद परिजनों के हाथ पैर फूल गए।
जल्द ही सभी को सरकारी अस्पताल लाया गया,जहां फ़िलहाल सभी का इलाज चल रहा है। डाक्टरों के मुताबिक अभी ये सब 24 घंटे निगरानी में ही रहेंगी। अब फल कितना जहरीला था या नहीं ये कह पाना मुश्किल है। हां अगर ज्यादा देर हो जाती तो सबको बचा पाना मुश्किल होता। फिर भी सभी को बेहतर इलाज दिया जा रहा है। वहीँ ग्रामीणों के मुताबिक खेत के बगल में जंगली अंडी का पेड़ खड़ा है और उस पर ही इस समय फल आये हैं संभवता सातों बहनों ने यही फल खाया होगा,जिसके बाद इनकी हालत बिगड़ी।
Published on:
19 Apr 2018 06:40 pm
