
पहली बार 1007 भारतीय बने कम से कम 1000 करोड़ के मालिक
मुंबई. कोरोना काल में आम लोग भले ही रोजी-रोटी के लिए परेशान हैं। महामारी के बीच कई लोग मालामाल हुए हैं। एक साल में अडानी ग्रुप के मुखिया गौतम अडानी की मिल्कियत लगभग चार गुना बढ़ी है। अडानी ने रोजाना 1002 करोड़ रुपए की कमाई की। हर दिन की कमाई के मामले में अडानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया। सितंबर, 2020 से अब तक अंबानी ने दैनिक आधार पर औसतन 163 करोड़ रुपए की कमाई की। इस हिसाब से अंबानी के मुकाबले अडानी ने छह गुना ज्यादा कमाई की। वैसे 7.18 लाख करोड़ रुपए की मिल्कियत के साथ अरबपतियों की सूची में अंबानी लगातार 10वें साल शीर्ष पर कायम हैं। 5.059 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ अडानी परिवार का नाम सूची में दूसरे स्थान पर है। गत वर्ष वे चौथे नंबर पर थे। खास यह कि देश में पहली बार 1007 लोगों की मिल्कियत 1000 करोड़ रुपए के पार पहुंची है। साल भर में इस सूची में 179 लोगों का नाम जुड़ा है। पिछले साल इस सूची में 828 लोग शुमार थे। हुरुन इंडिया व आइआइएफएल वेल्थ की रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया है। टॉप 10 अरबपतियों में शिव नाडर तीसरे, एसपी हिंदुजा चौथे और लक्ष्मी निवास मित्तल पांचवें स्थान पर हैं। एचसीएल के संस्थापक नाडर की संपत्ति 67 प्रतिशत बढ़ कर 2.36 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गई। वैक्सीन निर्माता सीरम इंस्टीट्यूट के सीइओ साइरस पूनावाला 1.61 लाख करोड़ के मालिक हैं। पूनावाला को सूची में छठवां स्थान मिला है। डीमार्ट के राधाकृष्ण दमानी (1.54 लाख करोड़) सातवें और आदित्य बिड़ला समूह के कुमार मंगलम बिड़ला (1.22 लाख करोड़) नौवें नंबर पर है।
अडानी पहले भारतीय
हुरुन इंडिया के प्रबंध निदेशक (एमडी) अनस रहमान जुनैद ने गुरुवार को यह रिपोर्ट जारी की। उन्होंने बताया कि अडानी अकेले भारतीय हैं, जिन्होंने एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा मिल्कियत वाली पांच कंपनियां बनाई हैं। केवल अडानी पावर की बाजार पूंजी एक लाख करोड़ से नीचे है। दुबई में रहने वाले दामानी के भाई विनोद का नाम अमीरों की सूची में 8वें नंबर पर है। विनोद के पास 1.31 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है।
महिलाओं की संख्या बढ़ी
देश के अरबपतियों में महिलाओं की संख्या बढ़ी है। इस साल की सूची में 47 महिलाएं शामिल हैं। 10 साल पहले इसमें केवल पांच महिलाओं को जगह मिली थी। दिल्ली में रहने वाले शाश्वत नकरानी देश के सबसे कम उम्र के अरबपति हैं। नकरानी महज 23 साल के हैं।
मुंबई पसंदीदा शहर
आर्थिक राजधानी मुंबई करोड़पतियों का पसंदीदा शहर है। एशिया के टॉप 10 अमीरों में तीन मुंबई और दो लंदन में रहते हैं। अहमदाबाद, दिल्ली और पुणे में एक-एक बिजनेसमैन रहते हैं। 1000 करोड़ रुपए के क्लब में शामिल 1007 लोगों में 255 मुंबई, 167 दिल्ली व 85 बेंगलुरू में रहते हैं।
Published on:
30 Sept 2021 08:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
