
बीड में कार-बस की टक्कर, पिता-पुत्र समेत 5 श्रद्धालुओं की मौत (Photo: X/@Arjun5)
ST Bus Accident in Beed: महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। माजलगांव तालुका में पंढरपुर-खामगांव पालखी महामार्ग पर एक कार और महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की बस (ST Bus) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। सभी श्रद्धालु नवरात्रि के अवसर पर तुलजापुर स्थित मां तुलजाभवानी के दर्शन के लिए जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे माजलगांव तालुका के शिंदेवाडी फाटा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। माजलगांव शहर का नामदास परिवार व अन्य परिचित निजी वाहन से देवी तुलजाभवानी के दर्शन के लिए तुलजापुर के लिए रवाना हुए थे।
बताया जा रहा है कि सड़क पर बने गड्ढे से बचने की कोशिश के दौरान कार और बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतकों और घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायल शख्स का उपचार जारी है।
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान ओमकार महादेव गिरी (24), गजानन महादेव नामदास (38), माऊली गजानन नामदास (11), सोमनाथ बडे (23) और अनिल आचार्य (40) के रूप में हुई है।
मृतकों में गजानन और उनके 11 वर्षीय बेटे माऊली भी शामिल हैं। नवरात्रि में देवी के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की यात्रा इस हादसे के कारण मातम में बदल गई।
इस हादसे के बाद माजलगांव और तेलगांव मार्ग की खराब स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कई जगह सड़क में दरारें और गड्ढे हैं। इससे पहले भी इस रास्ते पर भयावह दुर्घटनाएं हो चुकी है। फिलहाल, आज हुए हादसे के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नवरात्रि के दौरान तुलजापुर स्थित मां तुलजाभवानी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा और गड्ढों की समस्या गंभीर हो गई है।
Updated on:
18 Oct 2026 03:39 pm
Published on:
18 Oct 2026 03:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
