23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / ‘आपत्तिजनक पोस्ट से आहत होकर धुले की मेयर ने पिया जहर’, BJP विधायक के दावे से मची खलबली, गोरक्षक संजय शर्मा गिरफ्तार

‘आपत्तिजनक पोस्ट से आहत होकर धुले की मेयर ने पिया जहर’, BJP विधायक के दावे से मची खलबली, गोरक्षक संजय शर्मा गिरफ्तार

BJP: महाराष्ट्र के धुले जिले की राजनीति में उस समय जबरदस्त खलबली मच गई, जब शहर की मेयर मायादेवी परदेशी द्वारा जहर पीने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि गोरक्षक संजय शर्मा की ओर से किये गए आपत्तिजनक पोस्ट के बाद भाजपा नेता ने यह कदम उठाया।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 23 Nov 2026, 11:00 AM IST

BJP Dhule Mayor news

धुले की मेयर मायादेवी परदेशी (Photo: X/@MAYADEVI_bjp/IANS)

Dhule Mayor Mayadevi Pardeshi News: महाराष्ट्र के धुले जिले की राजनीति में उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर की मेयर मायादेवी परदेशी द्वारा कथित तौर पर जहर पीकर जान देने की कोशिश करने का दावा किया गया। यह दावा धुले के भाजपा विधायक अनुप अग्रवाल ने किया था। हालांकि, डॉक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक, मेयर ने जहर नहीं पिया था, बल्कि घर में रखी कुछ दवाइयों की अधिक मात्रा लेने की कोशिश की थी। इस कारण उनका ब्लड प्रेशर कम हो गया और तबीयत बिगड़ गई। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

यह पूरा मामला भाजपा नेताओं और गोरक्षक संजय शर्मा के बीच सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद से जुड़ा है। मेयर के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के बाद भाजपा ने संजय शर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वहीं, इस विवाद ने अब धुले की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है।

मेयर ने जहर पिया या गोलियों का ओवरडोज?

धुले के भाजपा विधायक अनुप अग्रवाल ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर लगातार हो रही आलोचना और आपत्तिजनक टिप्पणियों से मानसिक रूप से परेशान होकर मेयर मायादेवी परदेशी ने जहर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उनके इस बयान के बाद पूरे जिले में खलबली मच गई।

हालांकि, डॉक्टरों से मिली जानकारी के अनुसार, मेयर ने घर में रखी दवाइयों की अधिक मात्रा लेने का प्रयास किया था। इनमें से कुछ गोलियां उनके पेट में चली गईं, जिसके चलते उनका ब्लड प्रेशर कम हो गया और उनकी तबीयत बिगड़ गई। फिलहाल डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

इस बीच जिले के पालकमंत्री जयकुमार रावल ने मेयर के जहर पीने की खबर को अफवाह भी बताया। उन्होंने कहा कि धुले में नए उद्योग आ रहे हैं और इससे जिले का विकास होगा। ऐसे समय में नकारात्मक माहौल तैयार करने की कोशिश की जा रही है। शहर की प्रथम नागरिक के खिलाफ गलत बयानबाजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

क्या है पूरा विवाद? गोरक्षक की पोस्ट से शुरू हुआ मामला

दरअसल, धुले में गोरक्षक के रूप में पहचान रखने वाले संजय शर्मा पिछले कुछ दिनों से विधायक अनुप अग्रवाल, मेयर मायादेवी परदेशी और उनके परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार टिप्पणियां कर रहे थे। यह विवाद शहर के कत्लखानों और अवैध गतिविधियों के मुद्दे को लेकर शुरू हुआ था।

संजय शर्मा की पोस्ट का भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भी सोशल मीडिया पर जवाब दिया जा रहा था। धीरे-धीरे यह विवाद बढ़ता गया और मामला राजनीतिक टकराव में बदल गया।

19 नवंबर को मेयर मायादेवी परदेशी ने अवैध कारोबार और कत्लखानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही सोशल मीडिया पर कथित रूप से बदनाम करने वाले संजय शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने कुछ ही समय में अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।

संजय शर्मा के खिलाफ एट्रोसिटी का मामला, घर पर भी हुआ हमला

20 नवंबर को भाजपा की ओर से संजय शर्मा के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया। इस मामले में गिरफ्तारी से पहले संजय शर्मा ने सोशल मीडिया पर मेयर मायादेवी परदेशी को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट कर दी।

इस पोस्ट से भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने संजय शर्मा के घर पर हमला किया। पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में संजय शर्मा के खिलाफ भी कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

मेयर के बेटे समेत 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

इस पूरे विवाद में 21 नवंबर को एक और नया मोड़ आया। संजय शर्मा के घर पर हुए हमले के मामले में मेयर मायादेवी परदेशी के बेटे समेत करीब 20 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

एक के बाद एक घटनाओं और सोशल मीडिया पर जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच मेयर मायादेवी परदेशी मानसिक रूप से परेशान थीं। इसी तनाव के बीच उन्होंने घर में रखी दवाइयों की अधिक मात्रा लेने की कोशिश की। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ गोलियां पेट में जाने से उनका ब्लड प्रेशर गिर गया था।

फिलहाल मेयर की हालत स्थिर है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने धुले की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।