
महाराष्ट्र में अंग्रेजों के ज़माने का 150 मीटर लंबा बंकर मिलने का मामला सामने आया है। यह बंकर कई दशकों से बंद होना बताया जा रहा है। ख़ास बात यह है कि इस बंकर की खोज राज्य के राज्यपाल सी विद्यासागर राव के मालाबार हिल स्थित राजभवन परिसर में हुई है। सालों से बंद बंकर का मामला प्रकाश में आने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने मंगलवार देर शाम बंकर का जायजा भी लिया।
बताया जा रहा है कि राज्यपाल को कुछ पुराने लोगों ने राजभवन परिसर में वर्षों पुराने बंद पड़े बंकर के बारे में जानकारी दी थी। राजभवन से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक़ 12 अगस्त को राजभवन में लोकनिर्माण विभाग के कर्मचारियों ने बंकर के प्रवेश को बंद करने वाली एक अस्थाई दीवार खोला था। इस बंकर में कई आकार के 13 कमरों वाली एक पूरी बैरक का पता चला है।
सूत्रों के मुताबिक बंकर का पता चलने के बाद अब इसे संरक्षित करने की तैयारी की जायेगी। बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने इसे संरक्षित करने की इच्छा ज़ाहिर की है। इसके लिए विषय विशेषज्ञों की राय ली जा रही है।
राजभवन अधिकारियों की माने तो यह बंकर भारत की स्वतंत्रता के बाद बंद कर दिया गया था। यह सुरंगनुमा बंकर 5 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में फैला हुआ है। इस अंडरग्राउंड बंकर में जल निकासी से लेकर ताजी हवा और रोशनी आने की पूरी व्यवस्था है।
Published on:
17 Aug 2016, 8:49 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.