
अजित पवार ने की PM मोदी की तारीफ
Ajit Pawar on EVM: महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ी उठापटक देखने को मिल रही है। एक तरफ अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकता का नारा दिया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र में विपक्षी महाविकास अघाड़ी (कांग्रेस-उद्धव गुट-एनसीपी) गठबंधन में मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं।
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने अडानी मामले में कांग्रेस से अलग बयान दिया और कहा कि अडानी-हिंडनबर्ग मामले की जेपीसी जांच से कुछ भी फायदा नहीं होने वाला है। पवार का यह बयान कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है। इसके बाद अब उनके भतीजे व महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजित पवार ने ईवीएम मुद्दे पर अपनी राय देकर विपक्ष की टेंशन बढ़ा दी है। जहां कांग्रेस और उद्धव गुट ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहे है, वहीँ अजित पवार ने ईवीएम के नतीजे को सही करार दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में ईवीएम में हेरफेर संभव नहीं है. इस दौरान अजित ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ भी की हैं। यह भी पढ़े-अडानी मुद्दे पर विपक्ष बंटा! शरद पवार के बयान को कांग्रेस ने कहा ‘निजी राय’, उद्धव गुट ने किया बचाव
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता अजित पवार ने शनिवार को देश में चुनावी प्रक्रिया में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के इस्तेमाल का समर्थन किया और कहा कि उन्हें इस पर पूरा भरोसा है और इसमें हेरफेर करना संभव नहीं है।
उद्धव गुट को झटका!
मालूम हो कि उद्धव गुट की शिवसेना ने आज मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए ‘सामना’ में ईवीएम को लेकर सवाल उठाए हैं। शिवसेना के मुखपत्र सामना के आज के संपादकीय में उद्धव गुट ने कहा कि अगर बीजेपी में दम है तो वो पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश की तरह आगामी चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से करा के दिखाएं।
कई राज्यों में विपक्ष की सरकार नहीं बनती
अजित पवार ने कहा कि चुनाव हारने वाले लोग ईवीएम को दोष देना शुरू कर देते हैं और लोगों के जनादेश को स्वीकार नहीं करते हैं। महाराष्ट्र में विपक्ष के नेता ने कहा कि अगर ईवीएम में गड़बड़ी करना संभव होता तो पश्चिम बंगाल, राजस्थान, पंजाब, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना सहित देश के कई राज्यों में विभिन्न विपक्षी दलों की सरकारें नहीं होतीं। हमारे देश में ईवीएम से छेड़छाड़ संभव नहीं है। यह पूरी तरह से एक बड़ी प्रणाली है, बहुत सारी जांच प्रक्रिया होती हैं।
पीएम मोदी की तारीफ की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए, पवार ने कहा कि उनकी अगुवाई में बीजेपी 2019 में सत्ता में लगातार दूसरी बार लौटी। यहां तक कि पीएम मोदी के खिलाफ विभिन्न टिप्पणियों के बावजूद उनकी लोकप्रियता बढ़ती चली गयी।
उन्होंने कहा, "पीएम मोदी के नाम पर पार्टी 2014 में सत्ता में आई और दूर-दराज के इलाकों में पहुंच गई। जीतने के बाद उनके खिलाफ कई बयान दिए गए, लेकिन वह लोकप्रिय हुए और उनके नेतृत्व में बीजेपी ने विभिन्न राज्यों में जीत हासिल की और 2019 में भी यही दोहराया। अगर यह पीएम मोदी का जादू नहीं है तो और क्या है? जहां तक राजनीति में शिक्षा का सवाल है, इसे ज्यादा अहम नहीं माना जाता है।“
Published on:
8 Apr 2023, 9:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.