
महाराष्ट्र में बारिश का अलर्ट (Patrika File Photo)
Maharashtra Weather Forecast: महाराष्ट्र में अक्टूबर के महीने में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई केंद्र ने 17 से 21 अक्टूबर तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, मुंबई और ठाणे में अगले 3-4 दिनों में गर्मी और उमस महसूस होगी, जबकि 21 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, कोंकण, पश्चिमी महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, मुंबई में आज कुछ स्थानों पर उमस के साथ भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। 18, 19 और 20 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। 21 अक्टूबर को मुंबई में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। ठाणे में भी अगले 5 दिनों तक लगभग इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। जबकि पालघर में 21 अक्टूबर तक बारिश की उम्मीद बेहद कम है और गर्मी भी सामान्य पड़ेगी।
कोंकण क्षेत्र के रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान अलग-अलग दिनों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
रायगढ़ में 17 अक्टूबर को दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 18 और 19 अक्टूबर को भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 20 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
रत्नागिरी में 17, 18 और 20 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। सिंधुदुर्ग में भी 17 से 20 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
पुणे जिले में 21 अक्टूबर तक अलग-अलग दिनों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 20 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पुणे घाट क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों का अनुमान है। कोल्हापुर, सांगली, सातारा और सोलापुर जिलों में भी इस अवधि के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से कोल्हापुर और सांगली में कई दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश की भविष्यवाणी IMD ने की है।
मराठवाड़ा में नांदेड़, लातूर और धाराशिव में बारिश की संभावना है। परभणी में 19 और 20 अक्टूबर को बारिश हो सकती है, जबकि बीड में 19 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश और 20 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।
हिंगोली में 19 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश और 20 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। नांदेड़, लातूर और धाराशिव में भी अगले कुछ दिनों के दौरान अलग-अलग समय पर बारिश हो सकती है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, गोंदिया, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में 17 से 21 अक्टूबर तक कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है और मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि, चंद्रपुर और नागपुर में 20 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ गरज-चमक की संभावना है। गढ़चिरौली में 19 और 20 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।
Updated on:
17 Oct 2026 11:04 am
Published on:
17 Oct 2026 10:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
