(पत्रिका ब्यूरो,मुंबई): महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण को लेकर राज्य भर में नौ अगस्त को होने वाले प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने भी कमर कस ली है। गौरतलब है कि आंदोलन के अगुवा नेताओं ने मंगलवार को घोषणा की थी कि वे अपनी मांगों को लेकर महाराष्ट्र बंद करेंगे और सभी संचार निलंबित कर देंगे। मराठा समुदाय की योजना छोटे कार्यालय, तहसीलदार और एसडीएम कार्यालयों पर धावा बोलने की भी है। मराठा आंदोलनकारियों की ऐसी तैयारियों के मद्देनजर पूरे महाराष्ट्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। औरंगाबाद, नांदेड़ और पश्चिमी महाराष्ट्र के कई हिस्सों में छह कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की एक कंपनी तैनात रहेगी। इसके अलावा ठाणे, मुंबई समेत नवी मुंबई में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।