27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / मंदार किवले हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा, जेल में बंद 19 वर्षीय आरोपी भी साजिश में शामिल; यहीं रचा गया था प्लान?

मंदार किवले हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा, जेल में बंद 19 वर्षीय आरोपी भी साजिश में शामिल; यहीं रचा गया था प्लान?

Mandar Kiwale Attack: पुणे के मंदार किवले हत्याकांड की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक येरवडा जेल में बंद 19 वर्षीय आरोपी भी साजिश में शामिल था। हमले से एक दिन पहले अधूरी बिल्डिंग में हत्या की योजना बनाई गई थी।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 27 Nov 2026, 10:35 AM IST

murder

मंदार किवले हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा, प्रतीकात्मक फोटो ( पत्रिका )

Mandar Kiwale Case: पुणे में जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर मंदार किवले पर हुए जानलेवा हमले की जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच में पता चला है कि इस हमले की साजिश में येरवडा जेल में बंद 19 वर्षीय आरोपी अर्थव सोपान मारणे भी शामिल था। जांच के मुताबिक, हमले से एक दिन पहले आरोपियों ने एक अधूरी निर्माणाधीन इमारत में बैठक कर मंदार किवले की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और सभी को 2 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

छह आरोपी गिरफ्तार, जेल में बंद आरोपी भी साजिश में शामिल

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय सुभाष चव्हाण (20), अमोल रामचंद्र चव्हाण (48), स्वप्नील बाजीराव गवली (28), ओंकार उर्फ बाब्या संतोष पवार (18), सूरज साधू मळेकर (22) और सत्यम सदाशिव मोरे (25) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी एक ही गिरोह से जुड़े हुए हैं। जांच में अर्थव सोपान मारणे (19) की भी साजिश में भूमिका सामने आई है। वह भारती विद्यापीठ थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में फिलहाल येरवडा जेल में बंद है। इसके अलावा पुलिस ने एक विधि संघर्षग्रस्त नाबालिग को भी हिरासत में लिया है।

अधूरी बिल्डिंग में हुई थी सात आरोपियों की बैठक

जांच में सामने आया है कि मंदार किवले की हत्या की सुपारी पहले ही दी जा चुकी थी। हथियार खरीदने के लिए एक फरार आरोपी को करीब 15 दिन पहले 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। हालांकि, उस समय उसे यह नहीं बताया गया था कि हथियार का इस्तेमाल किस वारदात के लिए किया जाना है।पुलिस के अनुसार, हत्या से एक दिन पहले मुख्य आरोपी अक्षय सुभाष चव्हाण ने अपनी अधूरी निर्माणाधीन साइट पर सात लोगों की बैठक बुलाई थी। रात में हुई इस बैठक में सुपारी लेने वाले आरोपी भी मौजूद थे। इसी बैठक में मंदार किवले की हत्या की पूरी साजिश रची गई।

मौके से दो देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद

पुलिस को घटनास्थल से देशी बनावट की दो पिस्तौल और कारतूस के खोखे मिले हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए कोयते, वाहन और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच के डीसीपी गौहर हसन को सौंपी गई है।

मंदार किवले की हालत अभी भी गंभीर

शिवाजीनगर स्थित पुणे जिला एवं सत्र न्यायालय के प्रवेश द्वार के बाहर हुए हमले में मंदार किवले गंभीर रूप से घायल हुए थे। ससून अस्पताल में उनकी सर्जरी की गई है और फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। ससून अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. यल्लप्पा जाधव के मुताबिक, हमलावरों ने किवले के दोनों हाथों पर वार किए, जिससे उनकी हड्डियां और नसें क्षतिग्रस्त हो गईं। उनका बायां हाथ पूरी तरह काम करना बंद कर चुका है। इसके अलावा सिर के पीछे भी तीन वार किए गए थे। डॉक्टरों ने बताया कि गंभीर चोटों के कारण तुरंत सर्जरी करनी पड़ी। हालांकि हालत गंभीर बनी हुई है, लेकिन मंदार किवले उपचार का जवाब दे रहे हैं।

पुलिस आयुक्त बोले- एक घटना से पूरे पुलिस दल की क्षमता पर सवाल नहीं

पुणे पुलिस आयुक्त अमितेशकुमार ने कहा कि पिछले छह महीनों में इस तरह की यह पहली गंभीर घटना है। उन्होंने कहा कि केवल एक घटना के आधार पर पुलिस आयुक्त या पूरे पुलिस बल की कार्यक्षमता पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दी गई है। मुख्यमंत्री ने पुलिस के खिलाफ फैलाए जा रहे नकारात्मक नैरेटिव को खत्म करने और मामले में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।