
सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार (Photo: IANS/File)
Maharashtra Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में सांसद पार्थ पवार की ओर से संगठन में नियुक्तियों का सिलसिला लगातार जारी है। अपने करीबी नेताओं और समर्थकों को पार्टी में महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपने की कड़ी में अब पार्थ पवार ने अर्जुन मेघे को मुंबई राष्ट्रवादी कांग्रेस का युवक अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्थ पवार ने खुद अर्जुन मेघे को नियुक्ति पत्र सौंपा। खास बात यह है कि अर्जुन मेघे ने महज पांच महीने पहले ही भाजपा छोड़ उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार नीत एनसीपी में प्रवेश किया था। इतने कम समय में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
इससे पहले पार्थ पवार की पहल पर उमेश पाटील को पार्टी का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता और विधायक जीशान सिद्दीकी को मुंबई राष्ट्रवादी कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इन नियुक्तियों को लेकर पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने कथित तौर पर नाराजगी जताई थी। अब अर्जुन मेघे की नियुक्ति के बाद एक बार फिर पार्टी के भीतर असंतोष सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
मुंबई अध्यक्ष नियुक्त किए गए जीशान सिद्दीकी ने 25 नवंबर को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुनील तटकरे मौजूद रहे।
अर्जुन मेघे भाजपा युवा मोर्चा के दक्षिण मुंबई अध्यक्ष रह चुके हैं। वह महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और दिवंगत नेता दत्ता मेघे के बेटे हैं। मुंबई में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में एनसीपी के विदर्भ क्षेत्र के नेता और राज्य मंत्री इंद्रनील नाइक की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली थी। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी राष्ट्रवादी कांग्रेस में शामिल हुए थे।
अब पार्टी में शामिल होने के महज पांच महीने के भीतर उन्हें मुंबई राष्ट्रवादी कांग्रेस के युवक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। पार्थ पवार ने उन्हें नियुक्ति पत्र भी सौंप दिया है।
दरअसल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में अपने संगठनात्मक ढांचे में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए थे। विधायक जीशान सिद्दीकी को मुंबई इकाई का अध्यक्ष और सोलापुर के उमेश पाटील को पार्टी का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया था।
इन दोनों नियुक्तियों की घोषणा राष्ट्रवादी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने की थी। उपमुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास 'देवगिरी' में सांसद पार्थ पवार और पार्टी के अन्य नेताओं व पदाधिकारियों की मौजूदगी में दोनों नेताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे।
पिछले कुछ समय से पार्थ पवार पार्टी के संगठनात्मक विस्तार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राष्ट्रीय विद्यार्थी अध्यक्ष, महाराष्ट्र युवती और विद्यार्थी संगठन के पदों पर भी उनके स्तर से नियुक्तियां की गई हैं। अब अर्जुन मेघे को मुंबई राष्ट्रवादी युवक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपकर उन्होंने मुंबई में संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
हालांकि, लगातार हो रही इन नियुक्तियों को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। पार्थ पवार के नियुक्तियों के तरीके पर कुछ वरिष्ठ नेताओं ने नाराजगी जताई थी। ऐसे में अर्जुन मेघे की नियुक्ति के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस के भीतर एक बार फिर राजनीतिक हलचल बढ़ने की संभावना है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़




