
Saif Ali Khan Case Update : बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के करीब 72 घंटे बाद बीती रात पुलिस ने आरोपी को मुंबई से सटे ठाणे शहर से पकड़ा है। आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है। उसे रविवार सुबह बांद्रा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, अभिनेता सैफ अली खान के घर में घुसकर चाकू से हमला करने वाला मोहम्मद शहजाद बांग्लादेश भागने की तैयारी में था। अधिकारियों ने बताया कि उसने अपराध कबूल कर लिया है। वह करीब छह महीने से मुंबई में अवैध तरीके से रह रहा है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस हिरासत की मांग करेगी। उसके बाद आगे की जांच में सारे राज खुल सकते है।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, 30 वर्षीय आरोपी शहजाद के पास कोई भी भारतीय दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस को शक है कि वह बांग्लादेशी रोहिंग्या हो सकता है। वह बांग्लादेश से पहले पश्चिम बंगाल आया और फिर कुछ महीने पहले मुंबई आया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने पहचान छुपाने के लिए पहले कई नामों का इस्तेमाल कर रहा था। उसने दावा किया कि उसका नाम विजय दास है, फिर उसने अपना नाम बिजॉय दास और मोहम्मद इलियास बताया।
अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले पर मुंबई पुलिस के जोन 9 के डीसीपी दीक्षित गेडाम ने कहा, "16 जनवरी को रात 2 बजे अभिनेता सैफ अली खान पर उनके घर पर हमला हुआ। बांद्रा पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया। इस मामले में आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है। आरोपी चोरी के इरादे से अभिनेता के घर में घुसा था। हमें संदेह है कि वो बांग्लादेशी मूल का है...उसके पास वैध भारतीय दस्तावेज नहीं हैं। मामले की जांच चल रही है।"
डीसीपी गेडाम ने कहा, "प्रथम दृष्टया आरोपी बांग्लादेशी है और अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के बाद उसने अपना नाम बदल लिया था। अभी उसने अपना वर्तमान नाम विजय दास रखा हुआ था। वो 5-6 महीने पहले मुंबई आया था। वह एक हाउसकीपिंग एजेंसी में काम करता है।"
शहजाद चोरी के मकसद से गुरुवार देर रात सैफ अली खान के घर में घुसा और धारदार हथियार से हमला कर उन्हें बुरी तरह जख्मी कर दिया और वहां से भाग गया। इस मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस ने करीब 35 टीमें गठित की।
सैफ अली खान पर जानलेवा हमले के बाद आरोपी उनके बांद्रा स्थित आवास से भागकर बांद्रा स्टेशन गया। फिर दादर गया और फिर उसे सेंट्रल लाइन की ओर जाते देखा गया। इसके बाद पुलिस ने सेंट्रल लाइन के स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। आरोपी के मोबाइल की आखिरी लोकेशन ठाणे में दिखी। जो इस मामले को सुलझाने में सबसे अहम साबित हुआ। जांच के दौरान उसकी लोकेशन बांद्रा से 35 किमी दूर ठाणे में मिली। जिसके आधार पर पुलिस टीम ने उसे ठाणे के हीरानंदानी इलाके से एक निर्माणाधीन साइट से पकड़ा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद शहजाद ने पुलिस को बताया कि उसे नहीं पता था कि वह सैफ अली खान के घर में घुसा है। वह चोरी के इरादे से वहां गया था और जहां से उसे सुरक्षित रास्ता दिखा, वह वहां से आगे बढ़ता गया। इस तरह वह अभिनेता के घर पहुंचा।
सैफ अली खान (54) पर गुरुवार रात करीब 2.30 बजे सतगुरु शरण इमारत की 12वीं मंजिल पर स्थित उनके घर पर हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी करने के लिए घर में घुसा था। अभिनेता को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी आपातकालीन सर्जरी की गई।
Updated on:
19 Jan 2025 01:08 pm
Published on:
19 Jan 2025 12:24 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
