शामली। पश्चिमी यूपी के जनपद शामली में बेटियां महफूज नहीं हैं। जिसकी वजह से अब वे घर से बाहर निकलने में डरती हैं। यही नहीं डर के मारे उनका स्कूल जाना भी अब दूभर हो गया है। दरअसल झिंझाना कस्बे की सड़कों पर मनचले डेरा जमाए बैठे रहते हैं और स्कूल व ट्यूशन जाती छात्राओं के साथ छींटाकशी करते हैं। साथ ही राह चलती लड़कियों के फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर वायरल करते हैं। मनचलों की हरकतों से लड़कियों में डर बैठा हुआ है। हालांकि इस पूरे मामले की शिकायत पहले भी कई बार पुलिस से की गई है, लेकिन पुलिस की तरफ से अभी कोई कड़ा कदम नहीं उठाया गया है। जिस कारण मनचलों के हौसले और भी बुलंद होते जा रहे हैं।