
Naresh Agarwal
शामली। कैराना उपचुनाव को लेकर माहौल पूरा गरमाया हुआ है। रविवार को शामली पहुंचे सपा के पूर्व मंत्री और इस समय भाजपा में शामिल हो चुके वरिष्ठ नेता नरेश अग्रवाल ने एक चुनावी नुक्कड़ सभा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए विपक्षियों पर जमकर शब्दों के बाण चलाए। नरेश अग्रवाल ने सपा व रालोद गठबंधन के प्रत्याशी को किराए का प्रत्याशी बताया है। इसके साथ ही उन्होंने कई और मुद्दों को लेकर विपक्ष पर जमकर प्रहार किया।
आपको बता दें कि 28 मई को कैराना लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है। उपचुनाव को लेकर भाजपा, सपा और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने तमाम मंत्री और वरिष्ठ नेताओं को अपने प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए कैराना की सरजमीं पर उतार दिया है। इस दौरान राजनीतिक पार्टियों के तमाम नेता एक-दूसरे पर कटाक्ष करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
झिंझाना पहुंचे नरेश अग्रवाल
इसी कड़ी में रविवार को शामली के कस्बा झिंझाना में भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेश अग्रवाल पहुंचे। उन्होंने झिंझाना के पूर्व चेयरमैन राकेश गोयल के आवास पर आयोजित नुक्कड़ सभा में लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उन्होंने लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन के प्रत्याशी एवं उनकी पार्टी पर जमकर चुटकियां लेते हुए कहा कि गठबंधन का प्रत्याशी राष्ट्रीय लोक दल के लिए किराए का प्रत्याशी है। वह किराए के प्रत्याशी पर चुनाव लड़ रही है।
ये भी रहे मौजूद
उन्होंने कहा कि पिछली समाजवादी पार्टी की सरकार में रहते हुए भी व्यापारियों व झिंझाना वासियों के लिए काफी काम किए थे। नरेश अग्रवाल सदैव व्यापारियों के हित में रहे हैं। वह अब समाजवादी पार्टी छोड़ने के बाद भारतीय जनता पार्टी में हैं। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक बहादुर मित्तल नेकी और संचालक धनंजय कौशिक ने किया। इस अवसर पर दिवाकर कश्यप, राकेश गोयल, राकेश गर्ग, मुकेश जैन आदि ने भी लोगों को संबोधित किया। इस दौरान व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनोद कुमार संगल, शिवकुमार वर्मा, विपिन गर्ग, अशोक कुमार, मुकेश जैन, विपिन गर्ग, राजेश कुमार मित्तल, नरेश चंद गोयल, पूर्व आईजी विजय कुमार गर्ग, कृष्ण गोपाल मित्तल, अनिल कुमार संगल मौजूद रहे।
Published on:
21 May 2018, 10:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.