
यूपी के इस जिले में फिर हुआ जोरदार धमाका उड़ गए परखच्चे, लोगों में दहशत
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में पिछले दिनों हुए विस्फोट को लोग अभी तक भूल ही नहीं पाए थे कि एक बार फिर रुड़की रोड स्थित एक वेल्डिंग की दुकान पर गैस वेल्डिंग मशीन फटने से बड़ा धमाका हुआ। धमाके की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मशीन के पास बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आस-पास के दुकानदारों की मदद से जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
दरअसल मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के रुड़की रोड का है, जहां अमित त्यागी गैस वेल्डिंग का काम करते हैं, जो कि आज दोपहर मैं अपनी दुकान के अंदर बैठे हुए थे साथ ही पास के दुकानदार आपस में खड़े हुए बात कर रहे थे, तभी अचानक गैस वेल्डिंग मशीन में तेज धमाका हुआ और जो वेल्डिंग मशीन थी वो फट गई। जिसमें दुकान के बाहर खड़े होकर बात कर रहे सतीश व आरिफ घायल हो गए। जिन्हें आनन-फानन में जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने गम्भीर हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया।
वहीं विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। शहर कोतवाली प्रभारी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए है। वेल्डिंग मशीन के फटने की सूचना के बाद इलाके में एक बार फिर दहशत का माहौल है, क्योंकि पिछले हफ्ते ही थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सरवट रोड पर एक कबाड़ी की दुकान पर एक भीषण हादसे में 4 लोगों की जान चली गई थी जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों का इलाज अभी भी मेरठ में चल रहा है और अब गैस वेल्डिंग का सिलेंडर फटने से 2 लोगों की हालत गंभीर हो गई है, जिनका इलाज भी मेरठ मेडिकल में जा रही है।
Published on:
1 Jul 2018, 8:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.