मुजफ्फरनगर. वर्ष 2013 के दंगे में मारे गए लोगों के परिजनों को मरहम लगाने के बजाय दंगे के आरोपी अपने नेताओं और समर्थकों को आरोप मुक्त करने की योगी सरकार की चाल को बड़ा धक्का लग सकता है। दरअसल, दंगा पीड़ित शामली निवासी इमरान ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायरकर योगी सरकार की इस पहल पर रोक लगाने की मांग की है। पीड़ित ने अपनी याचिका में आरोप लगाया कि योगी सरकार जिन मामलों को वापस लेने का प्रयास कर रही है, उनमें उत्तर प्रदेश के मंत्री सुरेश राणा, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, भाजपा सांसद भारतेंदु सिंह, भाजपा विधायक उमेश मलिक और वीहिप नेत्री साध्वी प्राची आरोपी हैं। इसके साथ ही इस याचिका में मुज़फ़्फ़रनगर दंगों के मामलों को दिल्ली या उत्तर प्रदेश से बाहर किसी उचित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश देने की भी मांग की गई है, ताकि मामले में निष्पक्ष और बिना किसी दबाव के सुनवाई हो सके।