
RLD मुखिया चौधरी अजीत सिंह के नाम पर ट्विटर अकाउंट से किसान विरोधी पोस्ट से मचा बवाल
मुजफ्फरनगर. राष्ट्रीय लोक दल कार्यकर्ताओं का उस समय आक्रोश देखने को मिला, जब किसी अज्ञात शख्स ने राष्ट्रीय लोक दल के मुखिया चौधरी अजीत सिंह की फर्जी ट्विटर अकाउंट बनाकर उससे भारतीय किसान यूनियन की किसान क्रांति यात्रा को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट डाल दी। इसकी खबर जैसे ही रालोद कार्यकर्ताओं को लगी तो उनकी हवाइयां उड़ गई, क्योंकि रालोद खुद भाकियू की किसान क्रांति यात्रा का समर्थन कर रहा है। यही नहीं, पिछले महीने मुज़फ्फरनगर पहुंचे रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह ने खुद किसान यात्रा के समर्थन की बात कही थी। इसके बाद अचानक से इस आपत्ति जनक पोस्ट के बाद रालोद कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया।
इसके बाद आनन-फानन में राष्ट्रीय लोक दल मुजफ्फरनगर के जिला अध्यक्ष अजीत राठी और प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक राजपाल बालियान के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिला। रालोद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि चौधरी अजीत सिंह के नाम की फर्जी ट्विटर अकाउंट से भड़काऊ पोस्ट किए जा रहे हैं, जिसके कारण राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह और उनकी पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। रालोद पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर फर्जी अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग के साथ ही इस फर्जी ट्विटर अकाउंट को जल्द से जल्द बंद करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्दी कार्रवाई न की गई तो राष्ट्रीय लोकदल जन आंदोलन करने पर बाध्य होगा। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष अजीत राठी पूर्व विधायक राजपाल बालियान पूर्व एमएलसी मुस्ताक चौधरी पूर्व विधायक नवाजिश आलम पूर्व जिलाध्यक्ष रंधावा मलिक कृष्ण पाल राठी इनके अलावा काजी़ दीन मोहम्मद, कंवरपाल फौजी, धर्मेंद्र तोमर, पंकज राठी, सुधीर भारतीय, हर्ष राठी, पराग चौधरी, अंकित सहरावत, विकास कादयान, हंसराज जवाला, राजपाल मास्टर जी आदि लोग उपस्थित रहे।
Published on:
30 Sep 2018, 8:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.