दरअसल मामला थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की आदर्श कालोनी का है। जहां मोहल्लेवासियों ने आत्माराम के मकान की कई दिनों बंद होने की खबर पुलिस को दी। इसी सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। उसी समय पुलिस ने इस मकान में रहने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि मकान में एक बुजुर्ग दंपती आत्माराम गर्ग व ओमवती रहते हैं। पुलिस को यह भी पता चला कि बुजुर्ग दंपती के दो बेटे रविंद्र व संजीव हैं, जिनमें से एक गुड़गांव में नौकरी करता है तो दूसरा रुड़की में नौकरी करता है। पुलिस ने दोनों बेटों को संपर्क किया और पूरी स्थिति बच्चों को बताई। तभी रुड़की में रहने वाले एक बेटे ने मौके पर आने से ही मना कर दिया तो दूसरे बेटे ने जल्द घर पहुंचने के लिए कहा। कई घंटों के इंतजार के बाद जब दूसरा बेटा भी घर पर नहीं पहुंचा तो मोहल्लेवासियों की मदद से पुलिस ने मकान के दरवाजे खुलवाए। अंदर का नजारा देखने के बाद पुलिस और मोहल्ले के लोगों की आंखों में आंसू थे। दरअसल, बुजुर्ग अपाहिज महिला कुर्सी पर बैठी थी और उसके सामने उसका पति मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। दुर्भाग्य देखिए कि महिला अपाहिज होने की वजह से अपने पति को न छू सकती थी और न किसी को बता सकती थी। पुलिस ने सबसे पहले उस महिला को जिला चिकित्सालय भिजवाया, क्योंकि महिला की हालत पिछले कई घंटों से एक ही जगह बैठे-बैठे मौत के समान हो चुकी थी। मौका-ए-वारदात को देखने के बाद ऐसा लग रहा था कि बुजुर्ग जिस बिस्तर पर सो रहा था वह अचानक उससे नीचे गिरा और गिरने के बाद उसकी मौत हो गई।