14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

निकाय चुनाव की ऐसी तैयारी सुन पुलिस के उड़ गए होश

कैराना कोतवाली क्षेत्र के जंगल में चल रही तमंचा फैक्ट्री पर मारा छापा, मुठभेड़ में एक बदमाश और पुलिसकर्मी घायल  

2 min read
Google source verification
shamli news

शामली। जहां नेताओं व प्रशासन ने निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं, वहीं अपराधी भी इसको लेकर तैयार हो चुके हैं। इसका ताजा मामला जिले में तब देखने को मिला, जब पुलिस ने मंगलवार रात को कैराना कोतवाली क्षेत्र के जंगल से तमंचा फैक्‍ट्री पकड़ी। सूचना मिलने के बाद मंगलवार देर रात छापा मारने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ है। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया है। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी है। वहीं, पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ में जुटी है। एसपी अजयपाल शर्मा का कहना है क‍ि ये लोग निकाय चुनाव के लिए हथियार बना रहे थे। पकड़ा गया कारीगर है, जिसे 400 रुपये मिलते थे। मुख्‍य आरोपी फरार हो गया है। पुलिस पता करने में जुटी है क‍ि ये लोग किसको हथियार सप्‍लाई करते थे।

पुलिसकर्मी को भी लगी गोली

दरअसल, मामला जनपद शामली के कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव दभेदीखुर्द-बरनावी के जंगल का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जंगल में एक तमंचा फैक्ट्री चल रही है, जहां पर तीन लोग अवैध रूप से तमंचा बनाने का कार्य कर रहे हैं। जैसे ही पुलिस तमंचा फैक्ट्री पर छापामारी करने पहुंची तो बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए बदमाशों को जंगल में घेर लिया। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान कैराना कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मी अंकित के हाथ में गोली लग गई और वह घायल हो गया। जबकि पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश असलम भी घायल होकर गिर पड़ा और उसके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

असलहा बनाने का सामान भी बरामद

घायल बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया है, उसे शामली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बदमाश के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहा और असलहा बनाने का सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस पकड़े गए बदमाश से उसके फरार दो साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। फरार दोनों बदमाशों की तलाश में कांबिंग की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

बदमाश का भाई पहले से जेल में बंद

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बदमाश का भाई भी अवैध असलहा फैक्ट्री चलाने के मामले में पहले से ही जेल में बंद है। चुनाव नजदीक आने के साथ ही अवैध असलहा फैक्ट्री संचालित हो जाती हैं। ये लोग चुनाव में इन हथियारों को सप्लाई करने के लिए बना रहे थे।