दरअसल, यह वारदात जनपद शामली के थानाभवन क्षेत्र के गांव हरड़ की है। जहां हरियाणा के जिला झज्जर थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव असोन्दा निवासी परमजीत उर्फ सांगा अपने गांव के दो दर्जन साथी कांवड़ियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर हरिद्वार से डाक कांवड़ लेने जा रहे थे, लेकिन जैसे ही वह गांव हरड़ के पास पहुंचे तो परमजीत पर साथी सत्येंद्र ने शराब की बोतल से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। घायल परमजीत को गंभीर अवस्था में थानाभवन की सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे शामली के हायर सेंटर में रेफर कर दिया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही घायल परमजीत की मौत हो गई। कांवड़िये की मौत की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसपी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि इस वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी युवक सतेंद्र पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया। बताया जाता है जब सत्येंद्र ने परमजीत को बोतल मारी तो बीच-बचाव करने वाला एक अन्य कावड़ियां भी मामूली रूप से घायल हो गया।